More
    Homeराजनीतिउदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के बरेली के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ली...

    उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के बरेली के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता

    भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं प्रदेश शासन के मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के समक्ष भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को रायसेन जिले के उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के बरेली के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश उपाध्याय, जिला यूथ कांग्रेस महामंत्री आदित्य स्थापक, सेक्टर अध्यक्ष, राजेश पचौरी, माखन धाकड़, अशोक घनघोरिया, सुरेश धामले (रिटायर्ड डीएसपी), रामकिशोर राजोरिया, नवनीत भार्गव (वकील) सहित 280 से अधिक कांग्रेस कार्यकताओं ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विकास कार्यो से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर मिस्ड कॉल के माध्यम से पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने मंच का संचालन किया और आभार रायसेन जिले के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने माना।
    भाजपा में कोई कार्यकर्ता छोटा-बड़ा नहीं होता, सबको मिलता है सम्मान
    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने नवागत कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए कहा कि हम सब मिलकर भारतीय जनता पार्टी के परिवार को बढ़ाने के साथ-साथ देश को बढ़ाने का कार्य करेंगे। हमारी पार्टी में जितना मान-सम्मान पार्टी के कार्यकर्ताओं को मिलता है उतना ही सम्मान आपको मिलेगा। भाजपा में कोई कार्यकर्ता छोटा-बड़ा नहीं होता सबको सम्मान मिलता है। किसी भी छोटे से कार्यकर्ता को जिम्मेदारी मिल जाती है और वो उसे ईमानदारी के साथ निभाता है। आप सभी ने दिल से कांग्रेस का कार्य किया होगा, लेकिन कांग्रेस में जमीनी कार्यकर्ताओं का मूल्यांकन नहीं होता। वहां पर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वालों का मूल्यांकन होता है और फील्ड में काम करने वालों को नजरअंदाज किया जाता है। इसलिए कांग्रेस का परिवार रोज घट रहा है और भाजपा का परिवार बढ़ रहा है।
    प्रधानमंत्री मोदी जी देश को बुलंदियों पर पहुंचाने का कार्य कर रहे है
    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे देश को दुनिया में बुलंदियों पर पहुंचाने का कार्य लगातार कर रहे हैं। कांग्रेस ने देश में आजादी के बाद सबसे अधिक समय तक शासन किया, लेकिन गरीबों का कल्याण नहीं किया। गरीबों, आदिवासियों को मकान मिल जाए, रोड, मकान और बिजली की समस्या का समाधान निकल जाए यह कांग्रेस ने कभी नहीं सोचा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से कार्य कर रहे हैं, ताकि प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा हो सके।
    कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की परख नहीं होती -राजेश उपाध्याय
    बरेली के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रहे राजेश उपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि कांग्रेस में पार्टी के कार्यकर्ताओं की पूछ-परख नहीं होती, इसलिए भारतीय जनता पार्टी में आने का फैसला लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश आगे बढ़ रहा है और मैं भी भाजपा से जुड़कर देश के उत्थान के साथ-साथ पार्टी को आगे बढ़ाने में सहयोग करूंगा।
    इस अवसर पर नारायण पस्तारिया, रामेश्वर गिरदोनिया, सुनील शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, केशव यादव, रिटायर्ड एएसपी, कविद्र रघुवंशी, शैलेन्द्र रघुवंशी, अनिल सिंह, पप्पू विश्वकर्मा, अशोक कुमार तिवारी, संतोष गढवाल, राजेश पटेल, पंकज शर्मा, श्याम सिंह राजपूत, आदित्य स्थापक एवं देवेन्द्र राजपूत सहित 280 से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here