कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने कलेक्टर को लिखा पत्र, यूआईटी की सड़क निर्माण में लापरवाही पर कार्रवाई की मांग
मिशनसच न्यूज, अलवर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बुधवार को जिला कलेक्टर अलवर को पत्र लिखकर मोती डूंगरी पर बनी क्षतिग्रस्त सड़क के मामले में संबंधित कार्यकारी एजेंसी पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि करीब तीन माह पूर्व UIT अलवर द्वारा मोती डूंगरी क्षेत्र में सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन अल्प समय में ही सड़क क्षतिग्रस्त हो गई, जो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है।

मिश्रा ने मांग की है कि उक्त सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए तथा निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
सफाई व्यवस्था सुधारने की भी मांग
पत्र में जिला कलेक्टर से आग्रह किया गया है कि नगर निगम अलवर द्वारा मोती डूंगरी क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करवाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सफाई व्यवस्था में अलवर शहर तीसरे नंबर पर रहा है, लेकिन शहरवासी यह व्यवस्था जमीनी स्तर पर देख सकें, इसके लिए सफाई को सुचारू बनाना आवश्यक है।
वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्री को भी भेजी कॉपी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इस पत्र की कॉपी कांग्रेस के राष्टीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह, विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली और मुख्यमंत्री को भी मेल के माध्यम से भेजी है।
कार्रवाई की मांग
योगेश मिश्रा ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि इस सड़क निर्माण कार्य की जांच किसी सक्षम अधिकारी से करवाई जाए और दोषी एजेंसी पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी अलवर के प्रवक्ता रिपु दमन गुप्ता ने दी।


