पंचकूला: हरियाणा में कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारियों को पक्का करने और राज्यभर में नियमित सरकारी भर्तियां शुरू करने की प्रमुख मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से बुधवार को पंचकूला में एक बड़ा धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त, वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सहित पार्टी के कई सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल हुए। इस पूरे विरोध प्रदर्शन के संयोजक की भूमिका विधायक अशोक अरोड़ा ने निभाई।
कांग्रेस नेताओं के तीखे आरोप और मांगें
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान सरकार ने एचकेआरएन कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद भी इन कर्मचारियों का भविष्य आज भी अधर में लटका हुआ है। नेताओं ने कहा कि कौशल रोजगार निगम के माध्यम से युवाओं से ठेका प्रथा के तहत काम कराया जा रहा है, जबकि उन्हें 'समान कार्य के लिए समान वेतन' और स्थायी कर्मियों जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि इन कर्मचारियों को ग्रेच्युटी, भविष्य निधि (EPF) और अन्य सुरक्षा लाभों से वंचित रखा जा रहा है। पार्टी ने सरकार के समक्ष मांग रखी है कि एचकेआरएन के तहत कार्यरत सभी कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से नियमित किया जाए और प्रदेश में रुकी हुई नियमित भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि राज्य के शिक्षित युवाओं को रोजगार के उचित अवसर मिल सकें।


