More
    HomeराजनीतिBJP-अकाली गठबंधन की चर्चा पर कांग्रेस का तंज, ‘जनता पहले ही दे...

    BJP-अकाली गठबंधन की चर्चा पर कांग्रेस का तंज, ‘जनता पहले ही दे चुकी है जवाब’

    चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच संभावित चुनावी गठबंधन की अटकलों पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने दावा किया है कि राज्य की जनता इन दोनों ही दलों को पूरी तरह से नकार चुकी है।

    "जनता दोनों दलों को कर चुकी है खारिज" – गुरजीत सिंह औजला

    कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि राजनीतिक दल किसके साथ गठबंधन करते हैं, यह उनका आंतरिक मामला है, लेकिन पंजाब का जनमानस अब बीजेपी और अकाली दल दोनों से दूर हो चुका है। उन्होंने केंद्र सरकार पर पंजाब के अनदेखी के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरों के बावजूद राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर कोई ठोस हल नहीं निकला। वहीं अकाली दल पर तंज कसते हुए औजला ने कहा कि पार्टी का जमीनी वजूद अब नाममात्र रह गया है, ऐसे में किसी भी गठबंधन का जनता पर कोई असर नहीं होने वाला।

    बीजेपी का बड़ा ऐलान: 117 सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव

    गठबंधन की चर्चाओं के बीच बीजेपी नेतृत्व ने अपनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। पटियाला में हुई जोनल बैठक के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी.एल. संतोष ने साफ किया कि पार्टी आगामी चुनाव में किसी दल से समझौता नहीं करेगी और पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी इस निर्णय की पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी बिना किसी बैसाखी के अपने दम पर सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

    2020 में टूटा था दशकों पुराना रिश्ता

    गौरतलब है कि बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल लंबे समय तक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दल रहे हैं। हालांकि, वर्ष 2020 में कृषि सुधार कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए से अपना नाता तोड़ लिया था। आगामी 2027 के चुनावों को देखते हुए दोनों के फिर से साथ आने की चर्चाएं चल रही थीं, जिस पर फिलहाल बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने विराम लगा दिया है।

    विपक्ष पर हमलावर बीजेपी, जीत का जताया भरोसा

    बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने संगठन के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी (आप) के शासनकाल से त्रस्त आ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में इस बार जनता बड़े बदलाव के मूड में है और बीजेपी अकेले ही पूर्ण बहुमत के साथ पंजाब में अपनी सरकार बनाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here