More
    Homeराज्यराजस्थानदेश-प्रदेश के विकास में आधी आबादी का योगदान महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री भजनलाल

    देश-प्रदेश के विकास में आधी आबादी का योगदान महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री भजनलाल

    जयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आधी आबादी के योगदान के बिना देश और प्रदेश सशक्त नहीं बन सकता इसलिए प्रदेश सरकार नारी शक्ति के उत्थान और विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए महिलाओं को बराबर के अधिकार और अवसर मिलना आवश्यक है। शर्मा शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर राज्य में तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में महिलाओं का आरक्षण बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने पर नारी शक्ति द्वारा अभिनन्दन और आभार समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आभार जताया। शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तीकरण आर्थिक स्वतंत्रता तक ही सीमित नहीं है बल्कि यह सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी महिलाओं को समान अवसर प्रदान करने की बात करता है क्योंकि महिलाएं सशक्त होंगी तो वे परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

    नारी शक्ति के हित ऐतिहासिक फैसला

    शर्मा ने कहा कि सरकार ने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में महिलाओं के लिए आरक्षण 30 से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने सहित कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। प्रदेश के 73 लाख परिवारों की महिलाओं को 450 रूपए में रसोई गैस सिलेण्डर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वन्दन योजना के तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं को दी जाने वाली राशि भी बढ़ाकर 6500 रुपए कर दी गई है।

    बेटों को भी मिलेंगे पूरे अवसर

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवा चिंता ना करें, सरकार बेटियों के साथ ही उन्हें भी आगे बढ़ने के पूरे अवसर उपलब्ध करवाएगी। आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती परीक्षाएं आयोजित कर उन्हें भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश में स्थापित होने वाले उद्योगों में भी युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

    महिलाओं का सशक्तीकरण प्रधानमंत्री का सपना

    शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि देश की आधी आबादी सशक्त और मजबूत बने इसलिए उन्होंने देश की 3 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा है। ‘सुकन्या समृद्धि’ योजना के तहत 3.2 करोड़ खाते खोले जा चुके हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर शौचालय का निर्माण कर महिलाओं को खुले में शौच से मुक्ति दी गई है और अब तो प्रधानमंत्री आवास योजना में भी आवास महिलाओं के नाम ही आवंटित किया जाता है।कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, राजसमंद विधायक दिप्ती किरण माहेश्वरी के अलावा लक्ष्मीकांत भारद्वाज एवं हेमलता शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं तथा स्कूल-कॉलेज की छात्राएं उपस्थित थीं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here