More
    HomeखेलPSL 2026 के पहले मैच में गेंद का रंग बदलने का विवाद

    PSL 2026 के पहले मैच में गेंद का रंग बदलने का विवाद

    पाकिस्तान सुपर लीग 2026 का गुरुवार को बंद दरवाजे के पीछे शुरुआत हुई। पश्चिम एशिया संकट और ईंधन की कमी के साथ-साथ सुरक्षा कारणों से इसे बिना दर्शकों के खेला जा रहा है। हालांकि, पहले ही मैच में इस लीग की पोल खुल गई। गुरुवार को शाहीन अफरीदी की अगुआई वाली लाहौर कलंदर्स और मार्नस लाबुशेन की अगुआई वाली हैदराबाद किंग्समेन की टीम आमने सामने थी। हालांकि, मैच एकतरफा और विवादों से भरा रहा। इसी मैच में पीएसएल और पूरा पाकिस्तान शर्मसार हो गया।दरअसल, लाहौर की पारी के दौरान सफेद गेंद का रंग अचानक बदल गया और गेंद पिंक यानी गुलाबी रंग की हो गई और फिर धीरे-धीरे लाल रंग की हो गई।। इसके बाद अंपायर को गेंद बदलना पड़ा। गेंद के रंग बदलने की घटना क्रिकेट इतिहास में पहली बार है। पाकिस्तानी फैंस खुद इसका मजाक बना रहे हैं कि व्हाइट बॉल का मैच अचानक पिंक बॉल मैच में कैसे बदल गया। इस मैच में लाहौर ने हैदराबाद को 69 रन से हरा दिया। लाहौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद किंग्समेन की टीम 130 रन ही बना सकी। 

    रंग बदलने की वजह साफ नहीं

    गेंद के रंग बदलने की सटीक वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि खिलाड़ी गेंद को जमीन पर रगड़ रहे थे, जिसकी वजह से उसका रंग बदल गया। वहीं, कुछ का दावा है कि हैदराबाद के खिलाड़ी जर्सी पर गेंद को रगड़ रहे थे, जो कि आम बात है, लेकिन गेंद ने जर्सी का कलर ले लिया। लाहौर कलंदर्स की पारी के 15वें ओवर के बाद गेंद को बदलना पड़ा। हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि ओस भी इसका एक कारण हो सकती है। इस घटना को लेकर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। 
     
    पीएसएल के पहले ही मैच में विवाद

    वजह चाहे जो कुछ भी हो, लेकिन सीजन के पहले ही मैच में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 विवादों में घिर गई।  हैदराबाद किंग्समेन के कप्तान मार्नस लाबुशेन ने अंपायर से शिकायत भी की। क्रिकेट में गेंद को चमक बनाए रखने के लिए खिलाड़ियों का उसे अपने कपड़ों से रगड़ना आम बात है, लेकिन लाबुशेन ने माना कि उन्होंने अपने करियर में ऐसा कभी नहीं देखा। उन्होंने पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,'मैंने दूसरे ओवर के बाद ही अंपायर से कहा- ये क्या हो रहा है? गेंद लाल हो रही है। शायद ये कपड़ों की वजह से हो रहा है। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा।'

    लाबुशेन ने भी उड़ाई खिल्ली

    ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने उम्मीद जताई कि फ्रेंचाइजी मालिक इस समस्या को जल्द सुलझा लेंगे। उन्होंने आगे कहा, 'मैंने पहले देखा है कि बल्ले या पैड से रंग गेंद पर लग जाता है, लेकिन कपड़ों से ऐसा कभी नहीं देखा। मुझे यकीन है कि अगले मैचों तक इसे ठीक कर लिया जाएगा।' हैदराबाद किंग्समेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर मजाकिया अंदाज में पोस्ट करते हुए लिखा, 'विपक्षी टीम को उनके पहले पिंक बॉल मैच जीतने पर बधाई।'

    फैंस पीसीबी पर उठा रहे सवाल

    इस घटना ने PSL को शर्मिंदगी में डाल दिया है। फैंस अब सवाल उठा रहे हैं कि एक पेशेवर टूर्नामेंट में इतनी खराब गुणवत्ता की जर्सी इस्तेमाल कैसे होने दी गई। पीएसएल 2026 का आयोजन मौजूदा पश्चिम एशिया संकट के कारण बिना दर्शकों के किया जा रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नागरिकों से ईंधन संकट के चलते अपनी आवाजाही सीमित रखने की अपील की है। टूर्नामेंट को भी छह वेन्यू से घटाकर सिर्फ दो वेन्यू तक सीमित कर दिया गया है, जहां अब सभी मैच लाहौर और कराची में खेले जा रहे हैं। इसके अलावा, लाहौर में होने वाला उद्घाटन समारोह भी रद्द कर दिया गया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here