देहरादून: 30 मार्च सुबह राजपुर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की मानें तो आरोपियों में जेंजी क्लब (ZEN-Z) के मालिक संदीप और मुख्य आरोपी आदित्य भी शामिल हैं. जबकि, चार आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है.
क्या था मामला? दरअसल, 30 मार्च को सुबह करीब 6:50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी. घटना की सूचना पर देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी समेत अन्य अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. घटना के संबंध में जानकारी जुटाने पर पता चला कि मसूरी रोड पर मालसी के पास गाड़ी को पास न देने को लेकर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और एक स्कॉर्पियो कार में सवार लोगों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसे रुकवाने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग की.
फायरिंग की घटना में दुर्घटनावश सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी (उम्र 74 वर्ष, पुत्र गिरीश चंद्र जोशी, निवासी तुला अपार्टमेंट जोहड़ी गांव, राजपुर देहरादून) को गोली लग गई. उनके साथी उन्हें तत्काल उपचार के लिए मैक्स अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
उधर, घटना में शामिल फॉर्च्यूनर कार राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के साथ मारपीट कर उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया. इस घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार 2 लोगों को चोटें आई, जिन्हें कार में बैठे उनके 2 अन्य साथियों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद स्कॉर्पियो कार में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए थे.
उधर, घटना के संबंध में मृतक मुकेश कुमार जोशी के साडू भाई राकेश कुमार उप्रेती ने पुलिस में तहरीर दी. जिसके आधार पर थाना राजपुर पर मुकदमा दर्ज किया. इसी बीच एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल समेत अन्य अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घटना से संबंधित घायल लोगों से जानकारी जुटाई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया. साथ ही पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. गठित टीमों ने घटनास्थल व आसपास आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई.
घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने फार्च्यूनर कार में सवार घायल युवकों के साथियों रोहित कुमार और मौ. अखलाक को पूछताछ के लिए चौकी लाया गया. उन्होंने पहले वाहन को पास न देने को लेकर हुई रोड रेज की घटना दिखाने का प्रयास किया, लेकिन यह बात पुलिस के गले नहीं उतरी. जब पुलिस ने दोनों युवकों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सच उगल दिया.
रोहित और अखलाख ने बताया गया कि वो दोनों कुठालगेट स्थित जेनजी (ZEN Z) बार में काम करते हैं. बीती 29 मार्च की रात उनके बार में आए शांतनु त्यागी, आदित्य चौधरी, कविश त्यागी और उनके अन्य साथियों का बार में काम करने वाले युवक मोहित अग्रवाल के साथ बिल कम करने को लेकर विवाद हो गया था. विवाद के बाद उन्होंने (बार कर्मी रोहित और अखलाख ने) आदित्य चौधरी के वाहन स्कार्पियो का पिछला शीशा फोड़ दिया था. इस घटना के बाद आदित्य चौधरी और उसके साथी उन्हें देख लेने की धमकी देकर मौके से चले गए.
रात में हुए विवाद के दौरान उनके (बार कर्मी रोहित और अखलाख) मोबाइल व चार्जर बार में ही छूट गए थे, जिन्हें लेने के लिए वो बार मालिक संदीप कुमार की फार्च्यूनर कार से बार तक गए. इस दौरान गोली रेस्टोरेंट के पास आदित्य चौधरी और उसके साथियों ने उन्हें कार में जाता देख रोकने का प्रयास किया और उन्हें रोकने के लिए अपने स्कार्पियो वाहन से उनका पीछा किया. वाहन को रुकवाने के दौरान दोनो पक्षों के बीच आपसी फायरिंग हुई.
इसी बीच जोहड़ी गांव के पास फार्च्यूनर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. स्कार्पियो कार में सवार आदित्य चौधरी व उसके साथियों के पास आटोमैटिक पिस्टल होने के कारण दोनों आरोपी फार्च्यूनर कार सवार बार कर्मी रोहित और अखलाख मौके पर अपने साथियों को छोड़कर जंगल की ओर भाग गए. इस घटना में एक राह चलते व्यक्ति मुकेश जोशी को गोली लगने और मौके पर पुलिस के आ जाने के कारण दोनों आरोपियों ने अपने पास रखे तमंचों व कारतूस को पास की झाड़ियों में फेंक दिया. आरोपियों ने पुलिस को रोड रेज के चलते घटना के होने की झूठी जानकारी दी.
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों रोहित और अखलाख (बार कर्मी) को मौके से गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर जोहड़ी गांव में सड़क किनारे झाड़ियों से घटना में इस्तेमाल किए गए 2 देसी तमंचे और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. आरोपियों को घटना में इस्तेमाल तमंचे उपलब्ध कराने पर बार के मालिक संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया. साथ ही आरोपी संदीप के बार ZEN Z को बंद कराते हुए उसे सील कर दिया है. साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है.
रायपुर से आदित्य चौधरी गिरफ्तार: आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सामने आए स्कार्पियो वाहन सवार लोगों की तलाश के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया. जिसके तहत घटना में इस्तेमाल स्कार्पियो वाहन को डोईवाला क्षेत्र में थानो रोड पर एकांत स्थान पर जंगल से बरामद किया गया. साथ ही घटना में शामिल एक आरोपी आदित्य चौधरी को ननूरखेडा, रायपुर से गिरफ्तार किया गया. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिशें दे रही है.
पूछताछ में आरोपी आदित्य चौधरी ने बताया कि 29 मार्च की रात वो अपने अन्य साथियों शांतनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी, वैभव और एक अन्य साथी के साथ ZEN Z बार में गया था. जहां बिल कम करने को लेकर उनका बार में काम करने वाले युवकों से झगड़ा हो गया. इसी बीच बार में कार करने वाले युवकों ने उनके स्कार्पियो वाहन का शीशा तोड़ दिया. मौके पर अन्य लोगों के बीच-बचाव में करने पर वो अपने साथियों के साथ वहां से चला गया.
30 मार्च की सुबह कुठालगेट क्षेत्र में अपने साथियों के साथ घूमने के दौरान उन्हें फार्च्यूनर कार में बार में काम करने वाले युवक दोबारा दिखाई दिए, जिन्हें सबक सिखाने के लिए उन्होंने फार्च्यूनर रोकने का प्रयास किया. लेकिन उन्होंने अपने वाहन को मालसी से जोहड़ी गांव की ओर तेजी से भगा दिया. पीछा करने के दौरान उसके साथी शांतनु त्यागी ने उन्हें रोकने के लिए उन पर अपने पास रखी पिस्टल से फायर कर दिया. जिसके बाद फार्च्यूनर सवार युवकों ने भी उनके ऊपर भी अपने पास रखे तमंचों से जवाबी फायर किया.
जोहड़ी गांव के पास फार्च्यूनर कार पेड़ से टकरा गई, जिस पर आरोपी आदित्य चौधरी और उसके साथियों ने अपने स्कार्पियो में रखे लोहे की रॉड और लाठी डंडों से फार्च्यूनर में बैठे 2 व्यक्तियों पर हमला कर दिया. इस दौरान फार्च्यूनर सवार 2 अन्य लोग मौके से फरार हो गए. घटना के बाद आरोपी देहरादून से बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सघन चेकिंग के चलते वो जिले की सीमा से बाहर नहीं जा पाए. ऐसे में उन्होंने अपने स्कार्पियो को डोईवाला क्षेत्र में थानो रोड पर जंगल में एक एकांत स्थान पर छिपा दिया. वहां से अकेले-अकेले और अलग-अलग माध्यमों से फरार हो गए.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-
रोहित कुमार पुत्र राकेश कुमार (उम्र 20 वर्ष), निवासी- मोहन गार्डन, उत्तम नगर, दिल्ली-
फार्च्यूनर सवार बार कर्मी
मौ. अखलाक उर्फ साबिर पुत्र मौ. सगीर (उम्र 23 वर्ष), निवासी- बेहलोता, थाना मोरकाही, जिला खगड़िया, बिहार-
फार्च्यूनर सवार बार कर्मी.
संदीप कुमार पुत्र जगदीश सिंह (उम्र 43 वर्ष), निवासी- अमर कॉलोनी, मुण्डका नागलोई, पश्चिमी दिल्ली-
(बार संचालक).
आदित्य चौधरी पुत्र अंकुर चौधरी (उम्र 20 वर्ष), निवासी- ननूरखेडा नालापानी, रायपुर, देहरादून-
(स्कार्पियो सवार).
फरार आरोपियों के नाम-
शांतनु त्यागी-
(स्कार्पियो सवार).
कविश त्यागी-
(स्कार्पियो सवार).
समीर चौधरी-
(स्कार्पियो सवार).
वैभव-
(स्कार्पियो सवार).
आरोपियों से बरामद असलहे और गाड़ी-
2 तमंचे 315 बोर
जिंदा कारतूस- 4
खोखा कारतूस- 2
बिना नंबर प्लेट की स्कार्पियो
"Gen-Z बार बीती 29 की सुबह 2 से 2.30 बजे तक खुला था. इसके बाद सुबह पौने 4 बजे के आस पास बिल कम कराने को लेकर बार में झगड़ा हुआ था. इस दौरान कल्ब संचालकों ने ग्राहकों के स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ की. जिसका बदला सुबह उजाला होने पर लेने की योजना बनाई. सुबह करीब साढ़े 6 बजे के आस पास ओवरटेक कर फायरिंग की. इसी दौरान मार्निंग वॉक पर निकले मुकेश जोशी को गोली जा लगी. इस दौरान 8 से 9 राउंड फायरिंग हुई. असलहों के कोई लाइसेंस नहीं हैं. जिसे जब्त कर लिया गया है."
– प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी, देहरादून


