More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़राज्य लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द करने की मांग,...

    राज्य लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द करने की मांग, राज्यपाल से मिला संघ

    रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को शीघ्र ही नया अध्यक्ष मिल सकता है। राज्य शासन ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े के नाम पर अपनी स्वीकृति देते हुए नियुक्ति से जुड़ा प्रस्ताव राजभवन भेज दिया है। राजभवन से इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से औपचारिक नियुक्ति आदेश जारी होने की उम्मीद है। इसी दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष कमल वर्मा ने राज्यपाल रमेन डेका को पत्र लिखकर आयोग में अध्यक्ष पद पर जल्द नियुक्ति करने का आग्रह किया है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पद रिक्त रहने के चलते भर्ती, पदोन्नति और अन्य जरूरी मामलों के निपटारे में देरी हो रही है।

    राजभवन में पखवाड़े भर से लंबित पड़ा है प्रस्ताव

    आयोग के नए अध्यक्ष की चयन व नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर शासन स्तर पर कदम आगे बढ़ाए गए हैं। सरकार की ओर से सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े के नाम पर सहमति बनने की बात सामने आई है। तय प्रक्रिया के अनुसार राज्य सरकार ने प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन हेतु राजभवन भेजा है। सूत्रों के मुताबिक यह नियुक्ति प्रस्ताव बीते लगभग 15 दिनों से राजभवन में मंजूरी के लिए विचाराधीन बताया जा रहा है। राजभवन स्तर पर स्वीकृति की औपचारिकता पूरी होने के बाद ही नियुक्ति से जुड़ी आगे की कार्रवाई संभव हो पाएगी।

    अनुमोदन के पश्चात सामान्य प्रशासन विभाग निकालेगा आदेश

    नए अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए राजभवन की सहमति आवश्यक है, जिसके उपरांत सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा नियुक्ति से संबंधित आदेश जारी किया जाएगा। वर्तमान में इस विषय को लेकर राजभवन से स्वीकृति मिलने और सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना जारी होने की प्रतीक्षा की जा रही है।

    पद खाली रहने से पदोन्नति और कामकाज पर प्रतिकूल असर

    इस बीच छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष कमल वर्मा ने राज्यपाल रमेन डेका को भेजे पत्र में लिखा है कि लोक सेवा आयोग प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था का एक अहम संवैधानिक निकाय है। आयोग के जरिए विभिन्न सरकारी सेवाओं में भर्ती, चयन और पदोन्नति की प्रक्रियाएं संचालित की जाती हैं। आयोग में अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण इसके कामकाज के संचालन और महत्वपूर्ण प्रकरणों के निराकरण पर बुरा असर पड़ रहा है। अधिकारियों तथा कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामलों में विलंब होने से पात्र कर्मियों के सेवा संबंधी हितों को नुकसान पहुंच रहा है और समय पर पदोन्नति नहीं होने से उन्हें वित्तीय व सेवागत लाभ भी समय पर नहीं मिल पा रहे हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here