जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए माढ़ोताल थाना क्षेत्र में एक दोपहिया वाहन की डिक्की से 32 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। इसके साथ ही पुलिस ने आयुष ललवानी और शुभम विश्वकर्मा नामक दो युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को देख भागने की कोशिश, डिक्की से मिली गड्डियां
पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि एक वाहन के जरिए भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। इसी दौरान माढ़ोताल थाने के सामने दोपहिया वाहन पर सवार होकर दो युवक पहुंचे, जिन्होंने पुलिसकर्मियों को देखते ही रास्ता बदलने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों युवकों को रुकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उन्होंने अनसुना कर भागने की कोशिश की, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और घबराए हुए युवकों के वाहन की तलाशी ली। जब गाड़ी की डिक्की खुलवाई गई, तो उसमें 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी मिलीं, जिनकी कुल गिनती 32 लाख रुपये निकली। आशंका व्यक्त की जा रही है कि यह नकदी हवाला कारोबार से जुड़ी हो सकती है।
जब्त राशि आयकर विभाग को सौंपी गई, जांच जारी
नगर पुलिस अधीक्षक उमेश तिवारी ने जानकारी दी कि वाहन से बरामद की गई 32 लाख रुपये की रकम को अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया है। अब इस प्रकरण की विस्तृत जांच आयकर विभाग द्वारा की जाएगी। वहीं पुलिस भी हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से हर पहलू पर पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी रकम लेकर कहां जा रहे थे और इसका क्या उपयोग किया जाना था।


