More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशदिल्ली से आए युवक से मिली करोड़ों की ड्रग्स, DRI ने जब्त...

    दिल्ली से आए युवक से मिली करोड़ों की ड्रग्स, DRI ने जब्त की ₹7.32 करोड़ की खेप

    भोपाल। राजधानी में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। डीआरआई की टीम ने मंगलवार को अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर दबिश देकर एक संदिग्ध यात्री के कब्जे से 9 किलो 139 ग्राम 'क्रिस्टल मेथामेफेटामाइन' ड्रग्स बरामद की है। पकड़ी गई इस हाई-प्रोफाइल सिंथेटिक ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है।

    कपड़ों के पैकेटों के बीच शातिर तरीके से छिपाई गई थी खेप

    खुफिया एजेंसी डीआरआई को पुख्ता सूचना मिली थी कि दिल्ली की तरफ से एक यात्री बस के जरिए भोपाल भारी मात्रा में ड्रग्स की खेप लाई जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने मंगलवार को आईएसबीटी पर घेराबंदी कर दिल्ली से आने वाली बस की सघन तलाशी ली। बस में सवार एक संदिग्ध यात्री के पास से दो मध्यम आकार की ट्रॉली बैग बरामद हुईं। जब इन बैगों की बारीकी से जांच की गई, तो तस्कर का शातिर तरीका सामने आया। आरोपी ने सलवार सूट के सीलबंद पैकेटों के अंदर कृत्रिम चालाकी से क्रिस्टल मेथामेफेटामाइन के कुल 11 पैकेट छिपाकर रखे थे। जब फील्ड टेस्ट किट की मदद से इनकी जांच की गई, तो ड्रग्स होने की पूरी पुष्टि हो गई। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि यह आरोपी इस खतरनाक खेप को महाराष्ट्र में सप्लाई करने के इरादे से ले जा रहा था।

    छह दिनों के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई, ट्रांजिट रूट बना मध्य प्रदेश

    राजधानी में पिछले महज छह दिनों के भीतर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई दर्ज की गई है। इससे पहले 15 अक्टूबर को भी इसी आईएसबीटी परिसर से दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक महिला ड्रग्स तस्कर को दबोचा गया था, जिसके पास से 2.604 किलो एम्फेटामाइन ड्रग्स मिली थी जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपए थी। वहीं, इससे पहले 25 सितंबर को भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक नाइजीरियन महिला के पास से 4.38 किलो एम्फेटामाइन ड्रग्स जब्त की गई थी। ताबड़तोड़ सामने आ रही इन वारदातों से यह स्पष्ट हो रहा है कि इंदौर-अब भोपाल रूट भी देश में सिंथेटिक ड्रग्स का एक बड़ा और संवेदनशील ट्रांजिट रूट बनता जा रहा है, जहां पिछले एक महीने के भीतर ही सुरक्षा एजेंसियों ने 22 किलो से अधिक की अवैध ड्रग्स बरामद कर ली है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here