ED की रेड के बाद समर्थकों का उग्र प्रदर्शन, पिनारई विजयन से जुड़े मामले में गाड़ियों पर हमला और तोड़फोड़
तिरुवनंतपुरम। केरल में पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई करने पहुंची ईडी टीम पर कथित तौर पर सीपीआई समर्थकों ने हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार ED की 12 सदस्यीय टीम ने बेकरी जंक्शन इलाके में स्थित पिनारई विजयन के आवास समेत कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी की। उस समय पूर्व मुख्यमंत्री और उनका परिवार घर के अंदर मौजूद था।
छापेमारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि ED कार्रवाई पूरी होने के बाद जब ईडी टीम बाहर निकली तो भीड़ ने उनकी गाड़ियों को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने ED अधिकारियों की गाड़ियों पर कांच की बोतलें और पत्थर फेंके। कई वाहनों के शीशे टूट गए, जबकि गाड़ियों पर लाठियों और लातों से भी हमला किया गया। सुरक्षाबलों ने अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।
बताया जा रहा है कि ED की यह कार्रवाई एक्सालाजिक सॉल्यूशंस से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई। आरोप है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड ने वर्ष 2018-19 के दौरान एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को करीब 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, जबकि बदले में कोई सेवा प्रदान नहीं की गई।
सूत्रों के अनुसार इस मामले को सबसे पहले आयकर विभाग ने जांच के दायरे में लिया था। बाद में उसी रिपोर्ट के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच शुरू की और छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।
फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


