More
    Homeखेलसुपर-8 में आज इंग्लैंड-पाकिस्तान आमने-सामने: तारिक की फिरकी या सॉल्ट-जोस की तूफानी...

    सुपर-8 में आज इंग्लैंड-पाकिस्तान आमने-सामने: तारिक की फिरकी या सॉल्ट-जोस की तूफानी बल्लेबाजी, किसका दिखेगा दम?

    टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में मंगलवार को इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम सात बजे से खेला जाएगा। टूर्नामेंट के इस अहम चरण में दोनों टीमों के लिए यह मैच सेमीफाइनल की दिशा तय कर सकता है। ग्रुप चरण में दोनों टीमों का प्रदर्शन लगभग समान रहा। पाकिस्तान और इंग्लैंड ने चार-चार मुकाबलों में तीन-तीन जीत दर्ज की और एक-एक मैच गंवाया। अब सुपर-8 में हर जीत का महत्व दोगुना हो गया है।

    पिच और हालात का समीकरण

    पल्लेकेले की पिच आमतौर पर शुरुआत में बल्लेबाजी के अनुकूल रहती है। नई गेंद से थोड़ी स्विंग और उछाल मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, विकेट धीमा हो जाता है। ऐसे में स्पिनरों की भूमिका निर्णायक हो सकती है। अगर पिच नंबर पांच का इस्तेमाल किया जाता है तो बल्लेबाजों को शुरुआत में रन बनाने का मौका मिल सकता है, लेकिन मिडिल ओवर्स में स्पिनर खेल का रुख बदल सकते हैं।

    उस्मान तारिक की चर्चा, इंग्लैंड बेफिक्र

    पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक इस टूर्नामेंट में काफी चर्चा में रहे हैं। खासतौर पर ऑफ-ब्रेक डालने से पहले उनका रुककर गेंदबाजी करना बल्लेबाजों को चकित करता है। हालांकि इंग्लैंड के अनुभवी स्पिनर लियाम डॉसन का कहना है कि उनकी टीम किसी एक खिलाड़ी पर फोकस नहीं कर रही। उन्होंने मैच से पहले कहा, 'यह सब तारिक के बारे में नहीं है। पाकिस्तान बहुत खतरनाक खिलाड़ियों वाली टीम है। जाहिर तौर पर तारिक अच्छे गेंदबाज हैं, लेकिन हम सिर्फ उन्हीं पर ध्यान नहीं देंगे। हम पूरी टीम के खिलाफ रणनीति बनाएंगे।' इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को नेट्स में तारिक के एक्शन की नकल करते देखा गया, जिससे साफ है कि टीम ने तैयारी पूरी कर ली है।

    स्पिन बनाम स्पिन की जंग

    इंग्लैंड ने पिछले मैच में श्रीलंका को 51 रन से हराया था। उस मुकाबले में डॉसन, विल जैक्स और आदिल राशिद ने मिलकर सात विकेट झटके। डॉसन ने कहा, 'हम सब अलग-अलग तरह के स्पिनर हैं। जैक्स को ज्यादा बाउंस मिलता है, राशिद के पास कई वैरिएशन हैं। मैं शायद ज्यादा डिफेंसिव स्पिनर हूं, लेकिन मेरा रोल टीम के लिए कंसिस्टेंट रहना है।' दूसरी ओर पाकिस्तान के पास तारिक के अलावा शादाब खान, अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज जैसे स्पिन विकल्प मौजूद हैं। इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर के स्पिन के खिलाफ संघर्ष को देखते हुए यह मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।

    इंग्लैंड vs पाकिस्तान हेड टू हेड

    अब तक टी20 में इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीमें 31 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से 20 बार इंग्लैंड ने जीत हासिल की, जबकि पाकिस्तान की टीम नौ बार ही जीत पाई है। एक मैच टाई रहा और एक मैच बेनतीजा रहा। वहीं, टी20 विश्वकप की बात करें तो इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीमें तीन बार आमने-सामने आई हैं और तीनों बार इंग्लैंड ने जीत दर्ज की है।

    सेमीफाइनल की राह

    अगर इंग्लैंड यह मुकाबला जीत लेता है तो वह सुपर-8 में टॉप-दो में जगह बनाकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा सकता है। वहीं पाकिस्तान के लिए भी यह मैच ‘करो या मरो’ जैसा है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला सिर्फ दो देशों की टक्कर नहीं, बल्कि रणनीति, स्पिन विविधता और दबाव में प्रदर्शन की परीक्षा भी होगा।

    दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

    इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद। एक ओर पाकिस्तान की मिस्ट्री स्पिन है, तो दूसरी ओर इंग्लैंड की संतुलित स्पिन और आक्रामक बल्लेबाजी। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों टीमों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here