More
    Homeराज्यबिहारनकली स्नैक्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, बड़े स्तर पर चल रहा था खेल

    नकली स्नैक्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, बड़े स्तर पर चल रहा था खेल

    पूर्णिया। में सेहत के सौदागरों का एक बड़ा सिंडिकेट सक्रिय था, जो आपकी पसंद के स्नैक्स के नाम पर नकली माल बाजारों में खपा रहा था। सदर थाना पुलिस और दरभंगा की अम्बे फूड प्रोडक्ट्स के अधिकारियों ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर कार्रवाई की। टीम ने कप्तान पाड़ा स्थित एक फैक्ट्री में चल रहे इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। यहां अम्बे फूड प्रोडक्ट्स के ब्रांड पालक पनीर की नकल कर धड़ल्ले से बाजार में अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकली माल, रोल और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है।

    प्रतिनिधियों ने सदर थाने में दर्ज करवाया था मामला

    अम्बे फूड प्रोडक्ट्स के अधिकृत अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कंपनी को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पूर्णिया के बाजारों में उनके प्रमुख ब्रांड पालक पनीर की हुबहू नकल कर घटिया गुणवत्ता वाला माल बेचा जा रहा है। कंपनी के निर्देश पर कोलकाता की जीएस आईपीआर सर्विसेज के प्रतिनिधियों ने सदर थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। सदर थाना पुलिस ने मिली गुप्त सूचना के आधार पर खुश्कीबाग के कप्तानपाड़ा स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में छापेमारी की। यह अवैध धंधा मोहिनी फूड प्रोडक्ट्स नामक कारखाने में चल रहा था। पुलिस ने जब वहां दबिश दी, तो फैक्ट्री के अंदर का नजारा देखकर अधिकारी दंग रह गए। वहां से बड़ी मात्रा में नकली पालक पनीर के प्रिंटेड रोल, खाली पैकेट और तैयार किए गए स्नैक्स के कट्टे बरामद किए गए।

    जानें जांच में क्या-क्या खुलासे हुए?

    पुलिस ने मौके से फैक्ट्री मालिक विवेक बैद को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने चौंकाने वाले खुलासे किए। विवेक ने बताया कि वह नकली ब्रांडिंग वाले रोल गुलाबबाग के एक सप्लायर से मंगाता था और फिर उनकी पैकेजिंग कर स्थानीय बाजार में खपा देता था। यह काला धंधा पिछले कई महीनों से चुपचाप संचालित किया जा रहा था। गौरतलब है कि जिस पालक पनीर ब्रांड की नकल की जा रही थी, वह मूल रूप से दरभंगा की अम्बे फूड प्रोडक्ट्स कंपनी का पेटेंट उत्पाद है। इस छापेमारी के बाद खुश्कीबाग और गुलाबबाग के थोक बाजारों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब उस मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है जो नकली रोल की आपूर्ति कर रहा था। कंपनी के अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी खाद्य उत्पाद खरीदते समय होलोग्राम और पैकेजिंग की बारीकी से जांच करें ताकि वे धोखाधड़ी और मिलावटी उत्पादों से बच सकें।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here