More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़फर्टिलाइजर की कीमत बढ़ने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ी

    फर्टिलाइजर की कीमत बढ़ने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ी

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के अन्नदाताओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने फर्टिलाइजर (खाद) की कीमतों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। मंत्री ने साफ किया है कि वैश्विक स्तर पर चल रहे संकट के कारण आने वाले समय में रासायनिक खादों के दामों में इजाफा हो सकता है। उन्होंने किसान भाइयों से मानसिक रूप से इस बदलाव के लिए तैयार रहने का आग्रह किया है। मंत्री नेताम ने कहा कि चूंकि अधिकांश खाद विदेशों से आयात की जाती है और हमारे यहाँ इसका उत्पादन नहीं होता, इसलिए अब समय आ गया है कि हम जैविक और प्राकृतिक खेती की ओर कदम बढ़ाएं।

    पेट्रोल-डीजल ₹3 महंगा; पंपों पर उमड़ी भारी भीड़

    इसी बीच, आज देशभर में ईंधन की कीमतों में जोरदार उछाल आया है। सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल दोनों पर ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी किए जाने के बाद राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत 103.58 रुपये और डीजल 96.57 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गई है। दाम बढ़ने के साथ ही शहर में पेट्रोल खत्म होने की अफवाहें तेजी से फैल गईं, जिसके कारण विभिन्न फ्यूल स्टेशनों पर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग डर के मारे अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने में जुटे हैं। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में ईंधन की कोई किल्लत नहीं है और लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर संभाली कमान

    पेट्रोल पंपों पर मची अफरा-तफरी और पैनिक को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा कर जनता से संयम बरतने की अपील की है। सीएम ने लिखा, "छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। प्रदेशवासियों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। सभी ऑयल डिपो से ईंधन की सप्लाई नियमित रूप से हो रही है।"

    सीएम साय ने आगे बताया कि राज्य सरकार और तेल कंपनियां लगातार समन्वय बनाकर हालात पर नजर रखे हुए हैं। वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत सरकार ने पुख्ता तैयारियां की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश की जनता से अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करने और भ्रामक खबरों से दूर रहने का आग्रह किया है।

    जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान

    मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे केवल जरूरत के हिसाब से ही ईंधन खरीदें। उन्होंने कहा, "आपकी सजगता और सहयोग से छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश की व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी। आइए, हम सब मिलकर एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें और राष्ट्रहित में अपना सहयोग दें।"

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here