More
    Homeमनोरंजनमैरिज प्रपोजल से लेकर भूत बनने तक, सितारों के अनोखे मजाक

    मैरिज प्रपोजल से लेकर भूत बनने तक, सितारों के अनोखे मजाक

    आज 1 अप्रैल है यानी अप्रैल फूल डे। इस दिन लोग अपने दोस्तों-यारों के साथ प्रैंक और मस्ती-मजाक करते हैं। बॉलीवुड में भी कई ऐसे सेलेब्स हैं, जो फिल्मों के सेट पर और अपने को-एक्टर्स के साथ प्रैंक करने के लिए जाने जाते हैं। इनमें सबसे पहले अक्षय कुमार और अजय देवगन जैसे स्टार्स का नाम आता है। इन दोनों के प्रैंक्स के कई किस्से काफी मशहूर हैं, जिन्हें उनके को-एक्टर्स ने ही साझा किया है। इसके अलावा भी बॉलीवुड में प्रैंक का खेल खेला जाता रहता है। आज अप्रैल फूल के दिन पर जानते हैं बॉलीवुड स्टार्स द्वारा किए गए कुछ ऐसे ही मजेदार और मस्ती भरे प्रैंक्स के बारे में।

    जब अजय देवगन ने खिलाया मिर्च वाला गाजर का हलवा

    अजय देवगन को इंडस्ट्री का प्रैंक मास्टर माना जाता है। उनके प्रैंक के कई किस्से काफी मशहूर हैं। ऐसा ही एक किस्सा है फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ की शूटिंग के दौरान का। जब उन्होंने गाजर के हलवे में मिर्ची पाउडर मिला दिया था। अजय के साथ ‘सन ऑफ सरदार’ में काम करने वाले अभिनेता अर्जन बाजवा ने एक बातचीत में बताया था कि एक दिन अजय ने सेट पर उन्हें गाजर का हलवा परोसा, जिसमें मिर्च पाउडर मिला हुआ था। उन्होंने हलवा देते हुए कहा कि यह अब तक का सबसे बेहतरीन गाजर का हलवा है। अर्जन ने तो पहले बड़े चाव से हलवा खाया, लेकिन जल्द ही उन्हें पता चल गया कि उसमे मिर्च पाउडर मिला हुआ है।

    अक्षय कुमार ने हुमा कुरैशी के फोन से भेजा मैरिज प्रपोजल, मौनी रॉय का लिया रिपोर्टर बन इंटरव्यू

    अभिनेता अक्षय कुमार अपने मजाक करने की आदत के लिए भी बॉलीवुड गलियारों में मशहूर हैं। एक बार कपिल शर्मा शो पर ‘जॉली एलएलबी 2’ की उनकी को-स्टार हुमा कुरैशी ने बताया कि कैसे अक्षय ने उनके साथ प्रैंक किया। शूटिंग के दौरान अक्षय ने चुपके से हुमा का फोन ले लिया और बिना उनकी जानकारी के कई बॉलीवुड एक्टर्स को शादी का प्रपोजल भेज दिया। जब इस बात का हुमा को पता चला तो वह शर्मा गईं और उन्होंने उन लोगों को मैसेज भेजकर इस बारे में स्पष्ट किया।
    इसके अलावा फिल्म 'गोल्ड' की शूटिंग के दौरान अक्षय ने अपनी को-एक्टर मौनी रॉय को यह कहकर बहकाया कि वह एक रिपोर्टर हैं। मौनी उनकी बातों में आ गईं और फोन पर सवालों के जवाब दे दिए, लेकिन उन्हें उनकी असली पहचान बहुत बाद में पता चली।

    रणबीर कपूर ने पानी की जगह को- स्टार्स को पिलाया वोडका

    शरारत करने के मामले में रणबीर कपूर भी काफी आगे हैं। रणबीर ने ‘ये जवानी है दीवानी’ की शूटिंग के दौरान अपने को-स्टार्स आदित्य रॉय कपूर और कल्कि केकलां को पानी की जगह वोडका पिला दिया था।एक गाने के सीक्वेंस में कल्कि और आदित्य को शॉट ग्लास से पीना था। उन्हें लगा कि उसमें पानी है, जो आमतौर पर इस तरह के सीन फिल्माने के लिए यूज किया जाता है, लेकिन रणबीर ने पानी की जगह वोडका ग्लास में भर दिया था।

    आमिर खान ने फातिमा और रवीना टंडन के साथ किया प्रैंक

    बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान प्रैंक करने में भी काफी परफेक्ट हैं। ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दंगल’ के सेट पर आमिर ने फातिमा सना शेख पर उबलती हुई गर्म कॉफी गिराने का नाटक किया था, जिससे वो काफी घबरा गई थीं।इसके अलावा एक बार आमिर ने जूही चावला के हाथ पर थूक भी दिया था। जिसके चलते कई साल तक आमिर और जूही की बोलचाल भी बंद रही थी। इसी तरह की एक घटना रवीना टंडन ने भी साझा की थी। इस बार आमिर ने रवीना पर गर्म चाय का कप गिराने का नाटक किया। चौंककर रवीना ने चाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें एहसास हुआ कि यह एक शरारत थी। कप खाली था और प्लेट धागे से बंधा हुआ था।

    अभिषेक बच्चन पत्नी ऐश्वर्या को जेंट्स टॉयलेट में ले गए

    अभिषेक बच्चन देखने में भले ही गंभीर लगते हों, लेकिन वह भी काफी शरारती हैं। एक बार अभिनेता ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ एक मजेदार प्रैंक किया। वह ऐश्वर्या को होटल का कमरा बोलकर जेंट्स टॉयलेट में ले गए। ऐश्वर्या को जब इसका एहसास हुआ वो जोर-जोर से हंसने लगीं।

    सोनाक्षी सिन्हा ने अक्षय कुमार को दिया धक्का

    दूसरों के साथ प्रैंक करने में माहिल खिलाड़ी कुमार के साथ खुद भी प्रैंक हो चुका है। सोनाक्षी सिन्हा ने एक बार ‘मिशन मंगल’ की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार को कुर्सी से धक्का देकर गिरा दिया, वह पीठ के बल गिर पड़े थे। इसके बाद सोनाक्षी ने कहा, ‘अगर लोग मुझे परेशान करते हैं, तो मैं यही करती हूं।’

    शाहिद कपूर ने आलिया भट्ट को डराया

    फिल्म ‘शानदार’ की शूटिंग के दौरान शाहिद कपूर ने आलिया भट्ट के साथ डरावना मजाक किया था। दरअसल, महल में शूटिंग के दौरान शाहिद को मस्ती सूझी, उन्होंने आलिया को डराने का फैसला किया। देर रात तक शूटिंग करते हुए, क्रू के एक सदस्य ने डरावनी कहानियां सुनाईं, जिससे माहौल और भी डरावना हो गया और आलिया डर गईं।अभिनेत्री ने जब  सोने से पहले अपने कमरे की लाइट बंद की तो उन्होंने दरवाजे पर दस्तक और अजीबोगरीब आवाजें सुनीं। ये कोई भूत नहीं बल्कि शाहिद कपूर थे। लेकिन जब आलिया इससे डर गईं और चीखने लगीं। तभी शाहिद ने जल्दी से लाइट चालू कर दी और सच्चाई बता दी।

    जब राइटर पर चिल्लाए सुनील शेट्टी, अरशद वारसी के साथ किया ये प्रैंक

    पर्दे पर गंभीर और एक्शन हीरो की इमेज वाले सुनील शेट्टी भी सेट पर मजाक करने में पीछे नहीं हैं। फिल्म ‘देसी कट्टे’ की शूटिंग के दौरान, सुनील शेट्टी ने एक लेखक पर चिल्लाते हुए स्क्रिप्ट में सुधार की मांग की। जब सब लोग सुनील शेट्टी के अचानक चिल्लाने से सहम गए, तो बाद में उन्होंने लेखक को गले लगाया और खुलासा किया कि यह एक प्रैंक था।इसके अलावा फिल्म ‘हलचल’ की शूटिंग के दौरान, उन्होंने अरशद वारसी का फोन छुपा दिया और दिन के अंत में ही वापस दिया।

    सिद्धार्थ मल्होत्रा ने आदर्श गौरव के लिए मजे

    सिद्धार्थ मल्होत्रा ने शाहरुख खान की फिल्म ‘माय नेम इज खान’ के सेट पर 14 साल के आदर्श गौरव के साथ प्रैंक किया था। सिद्धार्थ उस फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर थे, जबकि आदर्श एक चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर फिल्म में शामिल थे।आदर्श ने सिद्धार्थ के प्रैंक के बारे में  खुलासा किया था कि एक सीन के दौरान उन्हें साइकिल का उपयोग करके पानी पार करना था, लेकिन सिद्धार्थ ने उन्हें बताया कि उन्हें तैर कर पार करना है। आदर्श उस समय 14 साल के थे और उन्हें तैरना नहीं आता था। इससे वह परेशान हो गए। उन्हें बाद में पता चला की उस सीन का पानी से कोई लेना-देना ही नहीं था।

    सनी लियोनी ने पति के साथ किया प्रैंक

    अभिनेत्री सनी लियोनी ने अपने पति डेनियल वेबर के साथ एक शरारत की, जिसमें उन्होंने अपनी उंगली काटने का नाटक किया और उनके पति को लगा कि उन्होंने सच में अपनी उंगली काट ली है। लेकिन यह एक प्रैंक मात्र था।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here