More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशमंदसौर में लहसुन घोटाले का खुलासा, 136 क्विंटल माल गायब करने का...

    मंदसौर में लहसुन घोटाले का खुलासा, 136 क्विंटल माल गायब करने का आरोप

    मंदसौर: जिले की पिपलियामंडी थाना पुलिस ने करीब 136 क्विंटल से अधिक लहसुन की हेराफेरी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए मुख्य षड्यंत्रकारी और ट्रक मालिक को इंदौर से गिरफ्तार किया है। हालांकि, माल की बरामदगी नहीं हो सकी है, परंतु लहसुन बेचने से प्राप्त 8 लाख 72 हजार रुपये नकद और अपराध में प्रयुक्त लगभग 15 लाख रुपये मूल्य का आयशर ट्रक जब्त कर लिया गया है।

    पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। मामले में ट्रक मालिक को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है, जबकि चालक सहित तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं।

    धूपगुड़ी भेजा जाना था लहसुन का कंसाइनमेंट

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदसौर के एक स्थानीय लहसुन व्यापारी को पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी स्थित 'गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी' से 432 बोरी लहसुन का ऑर्डर प्राप्त हुआ था। कुल 136 क्विंटल से अधिक वजन के इस कंसाइनमेंट को भेजने के लिए ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से ट्रक बुक किया गया था। 23 अगस्त को ड्राइवर दिनेश सिंह और अकबर अंसारी ट्रक लेकर पहुंचे और माल लोड कराया। हालांकि, निर्धारित गंतव्य पर माल पहुंचाने के बजाय आरोपियों ने बीच रास्ते में ही पूरा लहसुन गायब कर दिया।

    हरियाणा की फर्जी नंबर प्लेट से दिया चकमा

    पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने मध्य प्रदेश के पंजीयन वाले ट्रक पर हरियाणा राज्य की जाली नंबर प्लेट लगा दी थी। जब व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों व रूट चार्ट का विश्लेषण किया, तो संदिग्ध वाहन की वास्तविक पहचान उजागर हो गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि संबंधित ट्रक का वास्तविक मालिक इंदौर के परदेशीपुरा निवासी जफर खान है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर जफर खान को धर दबोचा और उसके कब्जे से नकदी व ट्रक जब्त किया।

    सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, तीन आरोपी अब भी फरार

    डिलीवरी न पहुंचने पर पीड़ित व्यापारी ने 25 अगस्त को पिपलियामंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 (3) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की। संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हासिल हुए।

    फिलहाल मामले में हिसार (हरियाणा) निवासी ट्रक चालक दिनेश सिंह, परदेशीपुरा निवासी अकबर अंसारी और शाहिद अंसारी फरार हैं। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपियों की संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here