बैतूल। जिले के सारनी कोयलांचल क्षेत्र स्थित एक सर्राफा दुकान में दिनदहाड़े चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। क्षेत्र की 'आरना/मोहित ज्वेलर्स' की दुकान में एक शातिर चोर दुकानदार को झांसा देकर तिजोरी में रखी सोने के जेवरों से भरी पोटली लेकर फरार हो गया। हालांकि यह घटना एक दिन पहले की है, लेकिन बुधवार को इस दुस्साहसिक चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ, जिसमें आरोपी चालाकी से वारदात को अंजाम देता साफ नजर आ रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
बातों में उलझाकर पार की लाखों की पोटली
पीड़ित ज्वैलरी दुकान संचालक अरविंद सोनी के अनुसार, घटना के समय दुकान पर उनकी बेटी बैठी हुई थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान के अंदर आया और बच्ची से जेवर दिखाने की मांग की। शातिर चोर ने बड़ी चालाकी से बातों में उलझाकर बच्ची का ध्यान भटकाया और मौका पाकर खुद तिजोरी तक हाथ पहुंचाते हुए पलक झपकते ही सोने के जेवरों से भरी पोटली निकालकर अपनी जेब में छिपा ली। संचालक का कहना है कि चोरी गई पोटली में रखे सोने के आभूषणों की कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये है। यदि समय रहते सीसीटीवी फुटेज नहीं खंगाले जाते, तो इस चोरी की भनक तक नहीं लग पाती। घटना की शिकायत सारनी थाने में दर्ज करा दी गई है।
नीली टी-शर्ट और कैप पहने साथी के साथ हुआ फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी के भागने का पूरा रूट आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। फुटेज में नजर आ रहा है कि घटना के तुरंत बाद नीले रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक मोटरसाइकिल लेकर दुकान के पास पहुंचा। आगे जाकर बत्रा हार्डवेयर और जियो पेट्रोल पंप के समीप बाइक रुकी, जिस पर दुकान से चोरी कर निकला मुख्य आरोपी सवार हुआ और दोनों तेजी से सारनी की तरफ भाग निकले।
दूसरे शोरूम में भी दिखा संदिग्ध, पुलिस की तलाश जारी
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों और सर्राफा एसोसिएशन में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटना के लगभग दो घंटे बाद वही कैप लगाए संदिग्ध चोर सारनी स्थित 'आकाश ज्वेलर्स' की दुकान पर भी पहुंचा था, जहां उसकी तस्वीरें वहां लगे कैमरों में भी स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई हैं। पुलिस और व्यापारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि फुटेज में दिख रहे इस हुलिए के व्यक्ति के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का दावा है कि संदिग्धों के हुलिए और बाइक के रूट के आधार पर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


