More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़सरकार आपके द्वार’ से गांव तक पहुंचीं शासकीय सेवाएं, सेमरा के सेवा...

    सरकार आपके द्वार’ से गांव तक पहुंचीं शासकीय सेवाएं, सेमरा के सेवा सेतु शिविर में एक ही स्थान पर मिला योजनाओं का लाभ

    रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से शासकीय योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों के और करीब पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत सेमरा स्थित हाई स्कूल परिसर में विशेष सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।

    सरकार आपके द्वार’ से गांव तक पहुंचीं शासकीय सेवाएं, सेमरा के सेवा सेतु शिविर में एक ही स्थान पर मिला योजनाओं का लाभ

    शिविर में आयोजित आजीविका ऋण मेले के माध्यम से ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में विशेष पहल की गई। मेले में 908 प्रकरणों में 19.43 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई। इसके साथ ही 537 प्रकरणों में 13.41 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई तथा 281 प्रकरणों में 7.90 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया। इससे ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों को अपनी आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहयोग मिला।

    एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी और सेवाओं का लाभ
    शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं को सुना तथा पात्रतानुसार विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से संवाद भी किया।

    पीएम आवास की चाबी से आयुष्मान कार्ड तक, हितग्राहियों को मिली सहायता

    शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के साथ आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना कार्ड, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, नैनो यूरिया और रोजगार कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

    महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम आयोजित कर मातृ एवं शिशु पोषण का संदेश दिया गया। हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं पोषण से संबंधित जानकारी भी दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

    सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं और आवश्यक मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल  सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here