जयपुर। टेलीग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब और गेम खेलने का झांसा देकर साइबर ठगों द्वारा एक युवक से 1,75,000 रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपनी फंसी हुई रकम वापस पाने के लालच में बार-बार पैसे जमा कराए, जिसके बाद ठगों ने उसे ब्लॉक कर दिया।
टेलीग्राम लिंक से शुरू हुआ ठगी का खेल
शास्त्री नगर के विजय नगर निवासी 36 वर्षीय इमरान खान ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 29 अगस्त को उनके टेलीग्राम पर एक संदेश आया था। इसमें 200 से 500 रुपये प्रतिदिन कमाने का झांसा देकर एक लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद पीड़ित एक ग्रुप से जुड़ गया और निर्देशों के अनुसार गेम खेलना शुरू किया। शुरुआत में ठगों ने 2,000 रुपये जमा करने पर 2,500 रुपये लौटने का झांसा दिया था।
टास्क के नाम पर ऐंठे पैसे और फिर किया ब्लॉक
रुपये जमा कराने के बाद ठगों ने टास्क अधूरा बताकर पीड़ित से बार-बार पैसे की मांग की। आरोपियों ने कभी 26,995 रुपये तो कभी 58,600 रुपये और जमा करा लिए। जब पीड़ित ने पैसे न होने की बात कही, तो ठगों ने उसे किसी से प्रबंध करने को कहा और 10 मिनट में 1,06,550 रुपये वापस मिलने का झांसा दिया।
फंसी हुई रकम निकालने की उम्मीद में पीड़ित ने इसके बाद भी 85,600 रुपये का एक और टास्क पूरा करने के लिए राशि जमा करा दी। हालांकि, जब लगातार नए टास्क मिलने पर पीड़ित ने गेम खेलने से मना कर दिया और पुलिस में शिकायत की चेतावनी दी, तो ठगों ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इस संबंध में पीड़ित ने भट्टाबस्ती थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।


