More
    Homeराजनीति“साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे”, सीएम योगी का सपा पर बड़ा हमला

    “साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे”, सीएम योगी का सपा पर बड़ा हमला

    पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद के बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पतरासा कुंवरपुर गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए ₹569.11 करोड़ की लागत वाली 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 2,500 विस्थापित परिवारों को भूमि के अधिकार पत्र भी वितरित किए। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला और उन पर केवल एक विशेष समुदाय की चिंता करने का आरोप लगाया।

    तुष्टिकरण की राजनीति और विस्थापितों की उपेक्षा

    मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस ने देश पर लंबे समय तक शासन किया, लेकिन उन्होंने बांग्लादेश से आए प्रताड़ित हिंदू परिवारों, दलितों और समाज के वंचित तबकों की सुध कभी नहीं ली। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों की नीतियां केवल तुष्टिकरण के इर्द-गिर्द घूमती रहीं। विभाजन के दंश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में उत्पीड़न का शिकार हुए हिंदू परिवारों को नागरिकता संशोधन कानून के जरिए अब भारत में सम्मानजनक जीवन और न्याय मिल सका है।

    हजारों परिवारों को मिला जमीनी अधिकार

    जमीन के मालिकाना हक पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पीलीभीत में करीब 2,500 परिवारों यानी लगभग 15 हजार लोगों को नागरिकता और भूमि अधिकार का सीधा लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे प्रदेश में ऐसे करीब 55 हजार परिवारों को चरणबद्ध तरीके से उनके अधिकार सौंपने का अभियान जारी है, जिसकी शुरुआत पीलीभीत से हो चुकी है। बाराबंकी और बहराइच जैसे जिलों में भी यह प्रक्रिया चल रही है और वन विभाग व केंद्र सरकार से अनुमति मिलते ही शेष परिवारों को भी जल्द लाभान्वित किया जाएगा।

    विपक्ष की कार्यशैली और क्षेत्रीय विकास पर तंज

    सपा नेतृत्व पर सीधा निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दोपहर 12 बजे सोकर उठने वाले और शाम को जिम जाने वाले लोग गरीबों की तकलीफों को नहीं समझ सकते। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने केवल अपने परिवार और विशेष क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी, जिसके कारण पीलीभीत लंबे समय तक उपेक्षित रहा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अगर पहले सही नीतियां अपनाई गईं होतीं, तो पीलीभीत को मेडिकल कॉलेज, बेहतर सड़कें और बुनियादी सुविधाएं बहुत पहले ही मिल जातीं।

    एक्सप्रेसवे और आर्थिक कॉरिडोर से बदलेगी तस्वीर

    प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़कें और कनेक्टिविटी ही आर्थिक प्रगति का आधार हैं। उन्होंने जानकारी दी कि गोरखपुर से शामली तक बनने वाला इकोनॉमिक कॉरिडोर पीलीभीत को शानदार कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। यह कॉरिडोर आगे चलकर पानीपत और सिलीगुड़ी तक की परिवहन व्यवस्था को जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने पीलीभीत टाइगर रिजर्व को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने और पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर भी जोर दिया।

    अपराध मुक्त प्रदेश और सुरक्षित माहौल का दावा

    कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में गुंडे और माफिया हावी थे, जो व्यापारियों और गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जे करते थे। उन्होंने कहा कि दंगे और कर्फ्यू बीते दिनों की बात हो चुके हैं और वर्तमान सरकार ने अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज प्रदेश में पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल है, जहां सरकार की प्राथमिकता किसी माफिया को संरक्षण देना नहीं, बल्कि महिलाओं, युवाओं और किसानों का कल्याण सुनिश्चित करना है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here