दम्माम, शारजाह, मस्कट, रियाद और जेद्दा से विशेष व नियमित उड़ानों से लौटे यात्री, चार उड़ानों से 465 यात्री खाड़ी देशों के लिए रवाना
लखनऊ। इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों की घर वापसी का सिलसिला तेज हो गया है। शुक्रवार को दम्माम, शारजाह, मस्कट, रियाद और जेद्दा से विशेष और नियमित उड़ानों के माध्यम से कुल 838 यात्री लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर अपनों को देखते ही यात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और कई परिवार भावुक भी नजर आए।
लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि एयरपोर्ट और जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं, लेकिन लोगों के बीच अनिश्चितता और चिंता का माहौल है। ऐसे में सुरक्षित घर लौटने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दम्माम से आने वाली फ्लाइट एक्सवाई-896 से 154 यात्री लखनऊ पहुंचे। शारजाह से इंडिगो की उड़ान 6ई-1424 से 163 यात्री आए। मस्कट से उड़ान डब्लूवाई-265 से 74 यात्री पहुंचे। इसी प्रकार रियाद से एक्सवाई-333 से 160 यात्री और जेद्दा से उड़ान एसयू-890 से 287 यात्री लखनऊ पहुंचे।
पिछले कुछ दिनों में खाड़ी देशों से आने-जाने वाली उड़ानों पर बड़ा असर पड़ा था और रोजाना लगभग 18 उड़ानें निरस्त हो रही थीं। हालांकि शुक्रवार को यह संख्या घटकर सात रह गई, जिससे यात्रियों और उनके परिवारों को काफी राहत मिली है। उड़ानों का आंशिक रूप से बहाल होना सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
यात्रियों ने साझा किए अनुभव
लखनऊ पहुंचे एक यात्री ने बताया कि वहां रह रहे भारतीयों में स्थिति को लेकर घबराहट जरूर है, लेकिन प्रशासन व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम पिछले दो दिनों से वापसी का इंतजार कर रहे थे, अब घर पहुंचकर काफी राहत महसूस हो रही है। यात्रियों ने भारत सरकार की पहल और सहयोग के लिए आभार भी जताया।
फाइटर जेट दे रहे सुरक्षा
खाड़ी देशों से लौट रहे कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव भी साझा किए हैं। एक यात्री के अनुसार, दुबई से आने वाली कुछ विशेष उड़ानों को वहां की वायुसेना सुरक्षा दे रही है। जिन वायुक्षेत्रों में खतरा अधिक है, वहां विमानों के आसपास फाइटर जेट उड़ान भरते हुए उन्हें सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।
लखनऊ से खाड़ी देशों के लिए उड़ानें भी रवाना
जहां एक ओर यात्रियों की वापसी हो रही है, वहीं दूसरी ओर लखनऊ से खाड़ी देशों के लिए उड़ानों का संचालन भी जारी है। शुक्रवार को चार उड़ानें लखनऊ से रवाना हुईं। इनमें दम्माम जाने वाली एक्सवाई-897 से 84 यात्री, मस्कट जाने वाली डब्लूवाई-266 से 78 यात्री, रियाद जाने वाली एक्सवाई-334 से 130 यात्री और जेद्दा जाने वाली एसयू-891 से 173 यात्री रवाना हुए।
सात उड़ानें रहीं निरस्त
हालांकि शुक्रवार को सात उड़ानें निरस्त भी रहीं। इनमें दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-193 और आईएक्स-197, अबूधाबी जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-1415 और शारजाह जाने वाली उड़ान 6ई-1424 शामिल हैं। वहीं अबूधाबी से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-1416, दुबई से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-194 और रियाद से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-190 भी रद्द कर दी गई।
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि क्षेत्रीय हालात के अनुसार उड़ानों के संचालन में बदलाव किया जा रहा है और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


