More
    Homeबिजनेसअब बैंक खाते से डिजिटल ट्रांजैक्शन रोकना होगा आसान, एक क्लिक में...

    अब बैंक खाते से डिजिटल ट्रांजैक्शन रोकना होगा आसान, एक क्लिक में बंद होगी सुविधा

    मुंबई। डिजिटल धोखाधड़ी से आम नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने नया सुरक्षा कवच तैयार किया है। अब बैंक खातों से डिजिटल लेनदेन की सीमा निर्धारित करने से लेकर भुगतान माध्यम को बंद करने तक का समूचा नियंत्रण ग्राहकों के हाथ में रहेगा। ग्राहक अपने किसी बड़े लेनदेन के लिए परिवार के सदस्य या किसी अन्य विश्वसनीय व्यक्ति की स्वीकृति अनिवार्य कर सकेंगे, जिसके लिए एक घंटे की समय-सीमा मिलेगी। निर्धारित समय में उत्तर न मिलने या भुगतान अस्वीकार किए जाने पर लेनदेन स्वतः रद्द हो जाएगा। केंद्रीय बैंक ने सोमवार को संशोधित दिशा-निर्देशों का मसौदा जारी किया है, जिसके प्रावधान एक जुलाई 2027 से प्रभावी होंगे, जबकि बैंक चाहें तो इसे इससे पूर्व भी लागू कर सकते हैं।

    स्टॉप स्विच सुविधा से तत्काल रुकेंगे ग्राहक-प्रेरित डेबिट लेनदेन

    स्टॉप स्विच सुविधा के अंतर्गत ग्राहक एक क्लिक के जरिए खाते से भविष्य में होने वाले सभी ग्राहक-प्रेरित डेबिट लेनदेन को रोक सकेंगे। इसके लागू होते ही नया ऑनलाइन भुगतान या धन अंतरण संभव नहीं हो पाएगा और धोखाधड़ी की आशंका होने पर यह सुविधा खाते से रकम निकलने का मार्ग तुरंत बंद कर देगी। हालांकि, बैंक की ओर से ऋण की किस्त अथवा अन्य बकाया वसूली जैसे लेनदेन इस दायरे से बाहर रखे गए हैं। इन मसौदा दिशा-निर्देशों पर चौदह दिसंबर तक सुझाव व प्रतिक्रिया दी जा सकेगी।

    भरोसेमंद व्यक्ति का पंजीकरण और लेनदेन की सीमा तय करने का अधिकार

    डिजिटल ठगी को रोकने के लिए ट्रस्टेड पर्सन तथा स्टॉप स्विच जैसी व्यवस्थाओं का प्रस्ताव किया गया है। ग्राहक अठारह वर्ष से अधिक आयु के किसी व्यक्ति को भरोसेमंद व्यक्ति के रूप में पंजीकृत कर सकेंगे और यह सुविधा पूर्णतः स्वैच्छिक रहेगी। पंजीकृत व्यक्ति को केवल प्रस्तावित बड़े भुगतान का विवरण प्राप्त होगा, जबकि खाते की शेष राशि, सावधि जमा (एफडी), निवेश या बीमा से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की जाएगी और धन हस्तांतरण को एक घंटे के भीतर स्वीकृति देनी होगी। रिजर्व बैंक के मसौदे के अनुसार, ग्राहक अब किसी एक डिजिटल भुगतान माध्यम, विशेष लाभार्थी अथवा पूरे दिन के कुल लेनदेन की अधिकतम सीमा स्वयं तय कर सकेंगे। डेबिट, क्रेडिट व प्रीपेड कार्ड के लिए भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय भुगतान, एटीएम, ऑनलाइन खरीदारी तथा कॉन्टैक्टलेस लेनदेन को अलग-अलग चालू या बंद करने का विकल्प मिलेगा, साथ ही ग्राहक अपनी आवश्यकतानुसार भुगतान माध्यमों को तय अवधि के लिए बंद भी रख सकेंगे।

    नए खातों में डिजिटल भुगतान डिफॉल्ट रूप से बंद और बैंकों की जवाबदेही

    प्रस्ताव का एक अहम बदलाव यह है कि बैंक में नया खाता खोलने पर सभी डिजिटल भुगतान माध्यम डिफॉल्ट रूप से बंद रहेंगे और ग्राहक की स्पष्ट सहमति व प्रमाणीकरण के पश्चात ही इन्हें सक्रिय किया जा सकेगा। इसके अलावा अनिवार्य अलर्ट न भेजना, चौबीस घंटे शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था न होना, धोखाधड़ी की सूचना पर तुरंत कार्रवाई न करना, सुरक्षा मानकों को लागू न करना, सिस्टम में खामी अथवा बैंक कर्मियों की मिलीभगत से होने वाली धोखाधड़ी को भी बैंक की लापरवाही माना जाएगा।

    एक अप्रैल 2027 से डीमैट में अनिवार्य होंगी शेयर ट्रेडिंग की सभी लेनदेन

    रिजर्व बैंक ने शेयर ट्रेडिंग के सभी लेनदेन एक अप्रैल 2027 से डीमैट यानी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम में अनिवार्य करने का निर्णय लिया है। पहले इसे एक अक्टूबर से लागू करने का प्रस्ताव रखा गया था, किंतु उद्योग जगत के अनुरोध पर छह माह की छूट प्रदान की गई है। यह नया नियम निर्धारित तिथि से पूर्व जारी ऋण प्रतिभूतियों के लेनदेन पर भी लागू होगा, जबकि प्रतिभूतिकरण सौदों के लिए एक करोड़ रुपये की न्यूनतम सीमा यथावत रहेगी और किस्तों में मूलधन चुकाने वाली ऋण प्रतिभूतियों का एक करोड़ रुपये से कम का लेनदेन भी उनके परिशोधित मूल्य पर किया जा सकेगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here