More
    Homeमनोरंजनबॉलीवुड से हॉलीवुड तक का सफर, अपनी मेहनत से बनीं इंटरनेशनल स्टार

    बॉलीवुड से हॉलीवुड तक का सफर, अपनी मेहनत से बनीं इंटरनेशनल स्टार

    मुंबई : उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर बरेली से निकलीं प्रियंका चोपड़ा अब एक इंटरनेशनल स्टार बन गई हैं। मॉडलिंग, फिर मिस वर्ल्ड का खिताब, उसके बाद बॉलीवुड में डेब्यू और फिर इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेस और कई अवॉर्ड्स। उसके बाद सीधे टिकट टू हॉलीवुड। किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है प्रियंका चोपड़ा की असल जिंदगी। आज प्रियंका अपना 43वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर वो अपने पति निक जोनस के साथ एंजॉय कर रही हैं। जन्मदिन के मौके पर जानते हैं कैसी रही प्रियंका की जर्नी।

    बॉलीवुड में अपने पहले साल ही दी बड़ी हिट

    प्रियंका चोपड़ा की बॉलीवुड में शुरुआत साल 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद हुई। प्रियंका ने साल 2003 में आई फिल्म ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई’ से की। इसमें उनके साथ सनी देओल और प्रीति जिंटा जैसे स्टार भी शामिल थे। इसके बाद इसी साल प्रियंका अक्षय कुमार और लारा दत्ता के साथ फिल्म ‘अंदाज’ में नजर आईं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और प्रियंका इंडस्ट्री की नजरों में आ गईं। उसके बाद साल 2004 में प्रियंका सलमान खान-अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ जैसी एक और सफल फिल्म में बतौर लीड एक्ट्रेस आईं। इसी साल प्रियंका ‘ऐतराज’ में निगेटिव रोल में नजर आईं और अवॉर्ड भी जीता। इसके बाद प्रियंका इंडस्ट्री में पूरी तरह से स्थापित हो गईं।

    शाहरुख-सलमान और ऋतिक के साथ दीं हिट फिल्में, बनीं हाइएस्ट पेड एक्ट्रेस

    अपने डेब्यू के बाद प्रियंका के खाते में कुछ फ्लॉप फिल्में भी आईं, लेकिन प्रियंका लगातार इंडस्ट्री के बड़े एक्टर्स के साथ काम करती रहीं। साल 2006 में प्रियंका को अपने करियर में जबरदस्त सफलता मिली जब उनके खाते में ‘कृष’ और ‘डॉन’ जैसी दो ब्लॉकबस्टर फिल्में आईं। इनमें प्रियंका ऋतिक और शाहरुख खान जैसे सुपरस्टार्स के साथ नजर आईं। इसके बाद कई फ्लॉप देने के बाद प्रियंका को 2008 में सफलता हाथ लगी जब वो मधुर भंडारकर की फिल्म ‘फैशन’ में नजर आईं। इस फिल्म में मॉडलिंग की दुनिया के पीछे की सच्चाई को दिखाया गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और प्रियंका को नेशनल अवॉर्ड समेत कई अवॉर्ड्स मिले। बाद में इसी साल प्रियंका कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘दोस्ताना’ में नजर आईं। ये भी बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही। अब प्रियंका बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में शामिल हो गई थीं। बाद में ‘कमीने’, ‘डॉन 2’, ‘सात खून माफ’, ‘अग्निपथ’ और ‘बर्फी’ जैसी फिल्मों की सफलता ने प्रियंका को इंडस्ट्री की हाइएस्ट पेड एक्ट्रेस बना दिया। 

    शाहरुख के साथ हिट के बाद दीं बैक टू बैक छह फ्लॉप फिल्में

    प्रियंका के करियर में एक वक्त ऐसा आया जब उन्होंने लगातार छह फ्लॉप फिल्में दीं। साल 2006 में ‘डॉन’ जैसी सुपरहिट फिल्म देने के बाद प्रियंका के खाते में लगातार सिर्फ फ्लॉप फिल्में ही आईं। इनमें ‘सलाम ए इश्क’, ‘बिग ब्रदर’, ‘लव स्टोरी 2050’, ‘गॉड तुस्सी ग्रेट हो’, ‘चमकू’ और ‘द्रोणा’ जैसी फिल्में शामिल हैं। इनमें सलमान खान, सनी देओल और अभिषेक बच्चन जैसे एक्टर्स की फिल्में शामिल रहीं। लगातार छह फ्लॉप फिल्मों के बाद प्रियंका 2008 में आई ‘फैशन’ के रूप में एक सफल फिल्म मिली।

    टिकट टू हॉलीवुड

    बॉलीवुड में सफलता पाने के बाद और हाइएस्ट पेड एक्ट्रेस बनने के बाद प्रियंका ने रुख किया हॉलीवुड का। साल 2015 में वो पहली बार अमेरिकन टीवी सीरीज ‘क्वांटिको’ में नजर आईं। इस सीरीज के दो सीजन आए दोनों में प्रियंका नजर आईं और उनके काम की तारीफ भी हुई और उन्हें अवॉर्ड भी मिले। इसके बाद साल 2017 में वो हॉलीवुड की एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘बेवॉच’ में नजर आईं। ‘क्वांटिको’ और ‘बेवॉच’ से प्रियंका ने हॉलीवुड में अपनी जगह बना ली। इसके बाद धीरे-धीरे प्रियंका का रुख बॉलीवुड से ज्यादा हॉलीवुड की तरफ रहने लगा। बाद में वो ‘ए किड लाइक जैक’, ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन’, ‘वी कैन बी हीरोज’, ‘लव अगेन’ और हालिया रिलीज ‘हेड्स ऑफ स्टेट्स’ जैसे कई हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में अहम भूमिकाओं में नजर आईं।

    शाहरुख से लेकर शाहिद तक, कई एक्टर्स के साथ जुड़ा नाम

    प्रियंका चोपड़ा अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चाओं में रहीं। अपनी दूसरी फिल्म ‘अंदाज’ के बाद ही प्रियंका का नाम अक्षय कुमार के साथ जोड़ा गया। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम भी किया। इसके बाद एक वक्त में उनका नाम शाहरुख खान के साथ काफी जोड़ा गया। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दोनों के अफेयर की भी खबरें सामने आईं। हालांकि, दोनों स्टार्स ने ऐसी खबरों पर कभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और एक-दूसरे को अच्छा दोस्त ही बताया। इसके अलावा प्रियंका का नाम शाहिद कपूर के भी साथ जोड़ा गया। ऐसा कहा जाता है कि दोनों का अफेयर काफी वक्त तक चला था। 

    10 साल छोटे निक जोनस से की शादी

    हॉलीवुड में अपनी जर्नी शुरू करने के बाद प्रियंका अधिक वक्त वहीं गुजारने लगीं और धीरे-धीरे वो बॉलीवुड से भी दूर होती गईं। इसी दौरान वो निक जोनस के संपर्क में आईं और दोनों का अफेयर शुरू हुआ। जिसके बाद साल 2018 में प्रियंका ने सबको चौंकाते हुए खुद से 10 साल छोटे निक जोनस से शादी कर ली। निक जोनस एक सिंगर-एक्टर हैं। उनका खुद का बैंड भी है। शादी के चार साल बाद साल 2022 में प्रियंका सरोगेसी के जरिए एक बेटी की मां बनीं। प्रियंका की बेटी का नाम मालती है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here