नई दिल्ली। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के फाउंडर अभिजीत दीपके पर तंज कसते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किया है, जिसमें दोनों की अंग्रेजी बोलने की क्षमता की तुलना की गई है।
इंस्टाग्राम पर शेयर की गई रील
कंगना रनौत ने यह रील अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर साझा की है। इस वीडियो में पहले अभिजीत दीपके को अंग्रेजी में सार्वजनिक बयान देते हुए दिखाया गया है, और उसके बाद कंगना की अंग्रेजी में बातचीत करती हुई एक पुरानी क्लिप जोड़ी गई है। इस रील के कैप्शन में लिखा गया है, '12वीं पास कंगना रनौत बनाम बोस्टन यूनिवर्सिटी के सीजेपी दीपके का इंग्लिश लेवल। एक आग है, तो दूसरे को रीबूट की जरूरत है।'
अंग्रेजी और पास्ट के अनुभवों पर कंगना की बात
कंगना ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए बताया कि कैसे उन्हें अंग्रेजी भाषा को लेकर शुरुआती दौर में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने चैट शो 'कॉफी विद करण' का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान सोनम कपूर द्वारा उनका मजाक उड़ाया गया था। कंगना ने आगे कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के संघर्षों और उस अनुभव से उन्होंने सीखा कि किसी बाहरी व्यक्ति का अंग्रेजी न बोल पाने पर कभी उपहास नहीं उड़ाया जाना चाहिए।
उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि 24 साल की उम्र में सबके सामने असहज किए जाने और मजाक उड़ाए जाने के बावजूद उन्होंने शालीनता और विनम्रता का परिचय दिया, जिसका मुकाबला वे विशेषाधिकार प्राप्त लोग कभी नहीं कर सकते।
अभिजीत दीपके का जवाब और कंगना की प्रतिक्रिया
दूसरी ओर, अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर अपनी अंग्रेजी से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि कैमरे के सामने आने पर वह थोड़े असहज महसूस करते हैं।
इस पूरे विवाद के बीच कंगना रनौत ने अभिजीत की उम्र और उनके छात्र होने के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गूगल करने पर पता चला कि उनकी उम्र 28 वर्ष है, ऐसे में वह खुद को छात्र कैसे कह सकते हैं। कंगना ने अपनी बात रखते हुए कहा कि हालांकि वह खुद कुछ समय से राजनीति में सक्रिय हैं, लेकिन उनका सार्वजनिक जीवन दो दशकों का रहा है और इस उम्र तक वह दो राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर चुकी थीं।


