More
    Homeराजस्थानजयपुरखाटूश्यामजी की पहल, राजस्थान के स्कूली बच्चों की तकदीर संवारने 8 करोड़...

    खाटूश्यामजी की पहल, राजस्थान के स्कूली बच्चों की तकदीर संवारने 8 करोड़ रुपए खर्च

    जयपुर | हारे के सहारे खाटू श्याम बाबा अब राजस्थान के सरकारी स्कूल बच्चों की तकदीर और शिक्षा व्यवस्था की तस्वीर बदलेंगे। राजस्थान में सीकर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम मंदिर को संचालित करने वाली श्री श्याम मंदिर कमेटी ने सामाजिक सरोकार की दिशा में बड़ा और प्रेरणादायक कदम बढ़ाया है। कमेटी ने खाटू नगरी स्थित सरकारी स्कूल की पूरी नई बिल्डिंग बनवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए स्कूल प्रिंसिपल को स्वीकृति पत्र भी सौंप दिया गया है और विभागीय आदेश जारी हो चुके हैं।

    8 करोड़ की लागत से बनेगा मॉडर्न स्कूल कैंपस

    मंदिर कमेटी ने स्कूल के लिए करीब 8 करोड़ रुपए खर्च करने का फैसला किया है। नई इमारत का डिज़ाइन भी खाटूश्यामजी की धार्मिक वास्तुकला के पैटर्न पर तैयार किया जाएगा। प्रस्तावित बिल्डिंग में 22 कमरे होंगे—कक्षा कक्ष, प्रिंसिपल ऑफिस, लाइब्रेरी, लैब्स, कंप्यूटर रूम, स्टोर समेत आधुनिक सुविधाओं से लैस पूरा सेटअप तैयार किया जाएगा। स्थानीय स्टूडेंट्स, अभिभावकों और कस्बेवासियों में इस निर्णय को लेकर जबरदस्त उत्साह है। लोग इसे खाटू नगरी के शिक्षा स्तर को नई उड़ान देने वाला कदम बता रहे हैं।

    मंदिर कमेटी ने सौंपा स्वीकृति पत्र

    श्रीश्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह चौहान और मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक ,खाटूश्यामजी में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के बीच स्कूल को भी आधुनिक स्वरूप देना आवश्यक है। दोनों पदाधिकारियों ने आज ही स्वीकृति पत्र स्कूल प्रिंसिपल बनवारी लाल कुमावत और वाइस प्रिंसिपल रंजना जांगिड़ को सौंपा। कमेटी का मानना है कि—“अच्छा कैंपस होगा, तो बच्चे भी बेहतर वातावरण में पढ़कर बेहतर परिणाम देंगे।”

    स्वदेश दर्शन योजना-2 के साथ बढ़ रहा खाटू का विकास

    खाटूश्यामजी में हाल ही में स्वदेश दर्शन योजना-2 के तहत बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने से लेकर नई सुविधाओं तक, पूरा क्षेत्र तेजी से मॉडल टाउनशिप की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में मंदिर कमेटी की यह नई पहल शिक्षा क्षेत्र को भी नई दिशा देगी।

    हजारों छात्रों को मिलेगा लाभ

    राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को नया स्वरूप देने की इस पहल से खाटू और आसपास के गांवों के हजारों विद्यार्थियों को सीधे लाभ मिलेगा। नई बिल्डिंग न केवल पढ़ाई की गुणवत्ता बढ़ाएगी बल्कि छात्रों के लिए नए अवसरों के दरवाजे भी खोलेगी। बहरहाल,खाटूश्यामजी में श्री श्याम मंदिर कमेटी की यह सामाजिक पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होने जा रही है — आस्था के साथ अब ज्ञान का भी होगा विस्तार।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here