भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे 7.51 लाख उम्मीदवारों के लिए निराशाजनक खबर सामने आई है। कर्मचारी चयन मंडल ने 7500 पदों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा को फिलहाल टाल दिया है। यह परीक्षा पहले 19 नवंबर 2026 से शुरू होनी थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 22 नवंबर कर दिया गया था, लेकिन अब पूरे आयोजन को फिर से स्थगित कर दिया गया है।
विशेष सशस्त्र बल के लिए 700 पद निर्धारित
गौरतलब है कि कर्मचारी चयन मंडल ने कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए 7500 पदों का नोटिफिकेशन और नियमपुस्तिका जारी की थी। इनमें से 6800 पद सामान्य आरक्षकों के लिए रखे गए हैं, जबकि 700 पद विशेष सशस्त्र बल के लिए आरक्षित हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन करने की प्रारंभिक अंतिम तिथि 29 सितंबर 2026 तय की गई थी, जिसे उम्मीदवारों की बड़ी संख्या को देखते हुए एक सप्ताह बढ़ाकर 6 अक्तूबर कर दिया गया था।
उच्च शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं की भी बड़ी भागीदारी
इस भर्ती परीक्षा में उच्च योग्यता वाले उम्मीदवारों ने भी बड़ी संख्या में दावेदारी की है। कुल आवेदकों में 42 पीएचडी डिग्रीधारक, 11,961 इंजीनियर, 51,381 स्नातकोत्तर और 3,26,626 स्नातक युवा शामिल हैं। इसके अलावा 3,131 डिप्लोमा इंजीनियर, 3,922 अन्य डिप्लोमाधारी, 8,252 आईटीआई उत्तीर्ण, 4,38,753 हायर सेकेंडरी, 93,736 हाईस्कूल और 1,011 आठवीं पास उम्मीदवारों ने भी आवेदन किया है।
आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होंगी नई तिथियां
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार परीक्षा के लिए नई तिथियों की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी। भर्ती से जुड़ी सभी ताजा सूचनाएं मंडल के आधिकारिक पोर्टल esb.mp.gov.in पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिन्हें उम्मीदवार अपने स्टूडेंट डैशबोर्ड या संबंधित अनुभाग में जाकर देख सकेंगे।


