मेरठ|मेरठ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन शुक्रवार को कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम डॉ. वीके सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में मेरठ में 4.96 लाख वोट फर्जी पाई गईं जिन्हें मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया है। अब जनपद में कुल 21,93,637 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान का सबसे बड़ा असर मेरठ कैंट और मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिला है। इन दोनों विधानसभाओं में कुल मिलाकर 2.40 लाख वोट काटे गए हैं। अकेले मेरठ कैंट में 1,21,727 और मेरठ दक्षिण में 1,18,280 वोट कम हुए हैं। डीएम ने बताया कि एसआईआर अभियान से पहले जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 26.90 लाख थी जो अब घटकर 21.93 लाख रह गई है।
ला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम डॉ. वीके सिंह ने बताया कि एक जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर ये प्रक्रिया पूरी हुई है। एसआईआर अभियान के प्रथम चरण में करीब 6.54 लाख वोट कटी थी। फॉर्म-6 से नए मतदाता और फॉर्म-7 मतदाता सूची से नाम हटाने का अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक ही मतदाता के नाम पर दो, तीन और कहीं-कहीं 10-10 वोट बनी हुई थीं। बीएलओ ने 2981 बूथों पर डोर-टू-डोर सर्वे कर ऐसी 4,96,177 फर्जी वोटों को चिन्हित कर सूची से हटाया। करीब 2.50 लाख मतदाताओं को दो बार नोटिस भी दिया गया ताकि वे 2003 की वोटर लिस्ट से मिलान कर अपनी वोट को सही करा सकें। फॉर्म-7 के माध्यम से भी सातों विधानसभाओं में 6,782 नाम हटाए गए हैं।
1.66 लाख युवा बने नए मतदाता
शुद्धिकरण के साथ-साथ नए मतदाताओं को जोड़ने का काम भी तेजी से हुआ। 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चले अभियान में 1,66,134 युवाओं ने फॉर्म-6 भरकर पहली बार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। इस वृद्धि के साथ ही जिले में मतदेय स्थलों (बूथों) की संख्या भी 2758 से बढ़ाकर 2981 कर दी गई है।
डीएम डॉ. वीके सिंह ने जनसामान्य से अपील की है कि वे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या जिला निर्वाचन कार्यालय में जाकर नई सूची का अवलोकन कर लें। यदि अभी भी कोई त्रुटि है या किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया है तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं।
विधानसभावार मतदाताओं का विस्तृत विवरण
विधानसभा बूथ पुरुष महिला अन्य अब कुल मतदाता पहले कुल मतदाता कटे मतदाता
सिवालखास 390 164445 132023 17 296485 344901 48416
सरधना 420 169421 138370 26 307817 367626 49809
हस्तिनापुर 397 167166 136167 18 303351 352164 48813
किठौर 413 177334 145419 16 322769 370179 47410
मेरठ कैंट 474 168286 147921 32 316239 437966 121721
मेरठ शहर 342 138596 116627 15 255238 316966 61728
मेरठ दक्षिण 545 211623 180095 20 391738 510018 118280


