More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशभोपाल में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पेट्रोल पंपों पर प्रशासन का...

    भोपाल में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पेट्रोल पंपों पर प्रशासन का शिकंजा

    भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मूसलाधार बारिश के बीच पेट्रोल में पानी मिलने की गंभीर शिकायतों पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के दो अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर पानी मिला ईंधन बेचे जाने का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए दोनों पंपों को सील कर दिया है।

    अशोकागार्डन और जहांगीराबाद में सामने आया मामला

    सोमवार को लगातार हो रही तेज बारिश के दौरान अशोकागार्डन के पुष्पा नगर स्थित फैम पेट्रोल पंप पर वाहन चालकों ने पेट्रोल डलवाया, लेकिन कुछ ही दूरी पर जाकर उनकी गाड़ियां अचानक बंद होने लगीं। जब चालकों ने बोतल में पेट्रोल निकालकर देखा तो उसमें आधे से अधिक पानी निकला। इसी तरह जहांगीराबाद स्थित बीपीसीएल के राजधानी पंप पर भी उपभोक्ताओं को पानी मिला पेट्रोल बेचे जाने की शिकायतें मिलीं। दोनों ही स्थानों पर आक्रोशित ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया और इस गड़बड़ी के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिए।

    खाद्य विभाग की त्वरित कार्रवाई और रिफंड

    मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों के रास्ते बारिश का पानी पेट्रोल के टैंकों में रिसकर मिल रहा था। प्रशासन के निर्देश पर पंप संचालकों द्वारा तुरंत उपभोक्ताओं को राहत देते हुए प्रभावित ग्राहकों को पैसे वापस लौटाए गए। फैम पेट्रोल पंप पर 100 से अधिक ग्राहकों को लगभग 19 हजार रुपए तथा राजधानी पंप पर करीब 70 ग्राहकों को लगभग 10 हजार रुपए रिफंड किए गए।

    नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए

    प्रशासनिक टीम ने दोनों पेट्रोल पंपों से पेट्रोल और पानी के मिश्रण के आधिकारिक नमूने (सैंपल) जब्त कर लिए हैं और उन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही इस गड़बड़ी के असल कारणों की पुष्टि हो सकेगी, जिसके आधार पर पंप संचालकों के खिलाफ नियमानुसार और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here