जोधपुर। दिव्यांगता प्रमाण पत्र तैयार करवाने की व्यवस्था में केंद्र सरकार ने अहम फेरबदल किया है। अब आवेदकों की चिकित्सीय जांच नए तय मानकों के अनुसार होगी और उन्हीं के आधार पर दिव्यांगता का प्रतिशत निर्धारित किया जाएगा। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने नई मार्गदर्शिका जारी की है, जो मार्च 2024 में जारी पुराने दिशा-निर्देशों का स्थान लेगी। इस नई प्रणाली का मकसद दिव्यांगता का मूल्यांकन अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक और एकसमान ढंग से करना है।
आठ प्रमुख वर्गों में विभाजित की गई दिव्यांगता
नई मार्गदर्शिका के अंतर्गत दिव्यांगता को आठ मुख्य वर्गों में बांटा गया है। इनमें आवाजाही व चलने-फिरने में दिक्कत, दृष्टिबाधितता, श्रवण व वाणी संबंधी परेशानी तथा पठन-पाठन से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। इसके साथ ही बौद्धिक दिव्यांगता एवं ऑटिज्म, मानसिक रोग, रक्त से जुड़े विकार और बहु-दिव्यांगता के साथ तंत्रिका तंत्र से संबंधित बीमारियों को भी इस वर्गीकरण में शामिल किया गया है।
प्रत्येक वर्ग के लिए खास मानदंड तय किए गए हैं, ताकि आवेदक की अवस्था का सटीक परीक्षण हो सके और दिव्यांगता का प्रतिशत तय करने में साफ-सफाई व स्पष्टता बनी रहे।
अंग विच्छेदन से लेकर पार्किंसन तक का मूल्यांकन
नई प्रणाली में अनेक शारीरिक विकारों और बीमारियों के आकलन के लिए भी तय मानकों का पालन होगा। इनमें हाथ या पैर कटना, रीढ़ की हड्डी में चोट, पैरों का टेढ़ापन, कुष्ठ रोग, बौनापन, पेशियों की कमजोरी और जोड़ों की गंभीर तकलीफें सम्मिलित हैं।
इसके अतिरिक्त स्ट्रोक, पार्किंसन, सेरेब्रल पाल्सी और मिर्गी जैसी अवस्थाओं से ग्रस्त व्यक्तियों की दिव्यांगता का प्रतिशत भी चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर तय किया जाएगा। इससे बीमारी या शारीरिक दिक्कत के चलते व्यक्ति की कार्यक्षमता पर होने वाले असर का आकलन किया जा सकेगा।
मेडिकल बोर्ड करेगा दिव्यांगता प्रतिशत का निर्धारण
जिलों में राज्य सरकार द्वारा अधिकृत चिकित्सक और मेडिकल बोर्ड आवेदकों की शारीरिक दशा व संबंधित रोग की गहन जांच करेंगे। इसके बाद तय मानदंडों के अनुरूप दिव्यांगता का प्रतिशत निश्चित कर प्रमाण पत्र निर्गत किया जाएगा। ग्रामीण मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र चारण के मुताबिक, नए मेडिकल मानक लागू होने से दिव्यांगता का वैज्ञानिक और निष्पक्ष परीक्षण संभव हो पाएगा। इससे प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में एकरूपता और स्पष्टता आएगी।
सरकारी योजनाओं व आरक्षण का लाभ मिलने में होगी आसानी
नई व्यवस्था के लागू होने से दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनेगी। इससे पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं, आरक्षण और अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं का फायदा उठाने में सहूलियत मिलेगी। ओसियां समेत समूचे जोधपुर जिले के दिव्यांगजनों को भी निर्धारित मापदंडों के मुताबिक प्रमाण पत्र बनवाने में लाभ मिलेगा।


