चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शुक्रवार सुबह अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह लगभग 6 बजकर 59 मिनट पर धरती हिलते ही लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.2 दर्ज की गई, जबकि इसका केंद्र धरातल से करीब 15 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
सुबह-सुबह हिली धरती, सहमे लोग
तड़के झटके महसूस होते ही घबराए लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान या किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रशासन की पैनी नजर, हालात पूरी तरह सामान्य
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में किसी भी तरह की अप्रिय घटना या नुकसान की रिपोर्ट नहीं मिली है। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है और फिलहाल पूरे क्षेत्र में हालात सामान्य हैं।



