More
    Homeराजनीतिनताशा आव्हाड ने परिसीमन पर उठाए सवाल, सुप्रिया सुले ने दिए समर्थन...

    नताशा आव्हाड ने परिसीमन पर उठाए सवाल, सुप्रिया सुले ने दिए समर्थन के संकेत

    मुंबई। संसद के आगामी सत्र से पहले देश की सियासत में परिसीमन विधेयक को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस विषय पर शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-एसपी) की संभावित भूमिका को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं जोरों पर हैं। इसी बीच पार्टी के भीतर भिन्न-भिन्न राय सामने आने लगी है। एनसीपी शरद गुट के वरिष्ठ नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड की बेटी नताशा आव्हाड ने परिसीमन विधेयक को लेकर सवाल खड़े करते हुए अपनी ही पार्टी के रुख पर आपत्ति दर्ज कराई है।

    शरद गुट की महाराष्ट्र राज्य युवा महासचिव नताशा आव्हाड का कहना है कि महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे दो अलग-अलग विषयों को एक साथ मिलाकर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण का सहारा लेकर मनमाने परिसीमन विधेयक को सही ठहराने की कोशिश की जा रही है। उनके इस बयान के बाद शरद पवार की एनसीपी (एसपी) में परिसीमन को लेकर मतभेदों की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।

    शरद गुट ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप

    संसद के आगामी सत्र को ध्यान में रखते हुए शरद पवार नीत एनसीपी (एसपी) ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सभी सांसदों को 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक लोकसभा में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। साथ ही पार्टी की ओर से तय किए जाने वाले रुख का समर्थन करने की हिदायत भी दी गई है। ऐसे में अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शरद पवार की पार्टी परिसीमन विधेयक पर क्या रुख अख्तियार करती है और मतदान के समय किसका साथ देती है।

    हालांकि, पार्टी की ओर से इस विधेयक पर अंतिम आधिकारिक रुख स्पष्ट नहीं किया गया है। लेकिन पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का संकेत दिया है, बशर्ते सरकार उनकी शर्तें पूरी करे। इसी बीच नताशा आव्हाड के बयान ने पार्टी के अंदर चल रही वैचारिक बहस को चर्चा में ला दिया है।

    महिला आरक्षण और परिसीमन को एक साथ जोड़ना गलत

    नताशा आव्हाड ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि परिसीमन विधेयक की चर्चा में महिला आरक्षण का विषय लाना भ्रामक और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने जैसा है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले ही पारित हो चुका था। ऐसे में आगामी चुनावों में इसे लागू करने का मौका भाजपा के पास था। अब भाजपा एक बार फिर महिला आरक्षण के मुद्दे का इस्तेमाल मनमाने परिसीमन विधेयक को सही ठहराने के लिए कर रही है।

    नताशा के अनुसार, यह विधेयक लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। उन्होंने चेताया कि दोनों अलग-अलग विषयों को आपस में जोड़कर देखना बड़ी भूल होगी। ऐसा करने से संबंधित राजनीतिक दलों के मकसद को ही बल मिलेगा।

    दरअसल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने कहा था कि यदि परिसीमन के लिए सभी राज्यों में एक समान फॉर्मूला लागू किया जाए और महिला आरक्षण कानून को अमल में लाया जाए, तो उनकी पार्टी मोदी सरकार का समर्थन कर सकती है। लेकिन इस पर अंतिम फैसला परिसीमन विधेयक का पूरा मसौदा देखने के बाद ही लिया जाएगा।

    पहले भी शरद गुट की भूमिका पर उठा चुकी हैं सवाल

    यह पहला मौका नहीं है जब नताशा आव्हाड ने परिसीमन के मुद्दे पर एनसीपी (शरद पवार) की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं। इससे पहले भी वह इस विषय पर अपनी असहमति जता चुकी हैं।

    उनके बयान के बाद उनके पिता और एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने साफ किया था कि उनकी बेटी को अपनी बात रखने की पूरी व्यक्तिगत स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा था कि नताशा उनकी इकलौती बेटी हैं और परिवार की ओर से उनकी व्यक्तिगत आजादी पर कोई रोक नहीं है। वह अपने विचार स्वतंत्र रूप से रख सकती हैं।

    सुप्रिया सुले ने भी नताशा को लेकर दी थी प्रतिक्रिया

    इस मुद्दे पर शरद पवार की बेटी व लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले भी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि यदि जितेंद्र आव्हाड और उनकी बेटी के विचार अलग-अलग हैं, तो वह इसका स्वागत करती हैं। नई पीढ़ी के विचार अलग हो सकते हैं और उन्हें अपनी राय रखने का अधिकार है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने यह भी कहा था कि उनके लिए माता-पिता की बात अंतिम होती है।

    फिलहाल परिसीमन को लेकर शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के भीतर अलग-अलग विचार सामने आ रहे हैं। एक तरफ पार्टी ने अपने सांसदों को संसद में उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है, तो दूसरी तरफ नताशा आव्हाड ने इस मुद्दे पर अपनी असहमति जताई है। ऐसे में आगामी संसदीय सत्र में शरद पवार की पार्टी का आधिकारिक रुख और मतदान के दौरान उसकी भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here