देहरादून। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर उत्तराखंड के प्राथमिक शिक्षकों ने अपना आंदोलन और अधिक तेज करने का कड़ा निर्णय लिया है।
24 अक्टूबर को सामूहिक अवकाश और मुख्यमंत्री आवास कूच
राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से घोषित कार्यक्रम के तहत आगामी 24 अक्टूबर को प्रदेशभर के शिक्षक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान राज्य के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पूरी तरह से तालाबंदी रखी जाएगी और शिक्षक मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे।
संघ की आपात बैठक में बनी रणनीति
राजधानी के रेसकोर्स स्थित शिक्षक भवन में संघ की एक आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रांतीय तदर्थ समिति और सभी जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों ने शिरकत की। बैठक में वक्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जो शिक्षक वर्षों से सरकार द्वारा निर्धारित सभी मानकों को पूरा करते हुए पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन पर अचानक टीईटी की अनिवार्यता थोपा जाना उनके और उनके परिवारों के भविष्य के प्रति गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।

