हर कोई चाहता है कि उसका आशियाना साफ-सुथरा और स्वच्छ रहे, लेकिन अक्सर घर के कोनों, विशेषकर किचन और बाथरूम में रेंगने वाले कीड़े-मकौड़े हमारी चिंता बढ़ा देते हैं। इनमें सबसे ज्यादा परेशान करने वाला जीव है 'कॉकरोच'। रसोई के बर्तनों से लेकर बाथरूम के सिंक तक, ये बिन बुलाए मेहमान कहीं भी अपनी जगह बना लेते हैं। कॉकरोच न केवल बच्चों में डर पैदा करते हैं, बल्कि भोजन को दूषित कर कई तरह की गंभीर बीमारियां और इन्फेक्शन भी फैलाते हैं। अगर आप भी अपने घर में कॉकरोच के आतंक से तंग आ चुके हैं, तो रासायनिक कीटनाशकों के बजाय रसोई में मौजूद कुछ आसान और असरदार चीजों की मदद से इन्हें हमेशा के लिए विदा कर सकते हैं।
बेकिंग सोडा, चीनी और लौंग का अचूक नुस्खा
बेकिंग सोडा और चीनी का मिश्रण: कॉकरोच को खत्म करने का यह एक बेहद पुराना और प्रभावी तरीका है। इसके लिए आपको महज कुछ रुपयों का बेकिंग सोडा और उतनी ही मात्रा में पिसी हुई चीनी लेनी है। दोनों को बराबर मात्रा में मिलाकर एक सूखा पाउडर तैयार कर लें या पानी के साथ मिलाकर स्प्रे बना लें। चीनी की मिठास कॉकरोच को आकर्षित करती है और बेकिंग सोडा उन्हें खत्म करने का काम करता है। इस मिश्रण को कॉकरोच के छिपने वाले ठिकानों पर छिड़क दें।
लौंग की तीखी महक: हमारे मसालों में शामिल छोटी सी लौंग भी कॉकरोच को भगाने में बड़ी मददगार साबित होती है। आपको बस मुट्ठी भर लौंग लेनी है और उन्हें किचन की अलमारियों, सिंक के नीचे या उन कोनों में रख देना है जहां कॉकरोच ज्यादा आते हैं। लौंग की तेज गंध कॉकरोच बर्दाश्त नहीं कर पाते और वहां से भाग जाते हैं।
तेजपत्ते के पानी और विनेगर स्प्रे का जादुई असर
तेजपत्ते का इस्तेमाल: तेजपत्ता सिर्फ खाने का जायका और खुशबू ही नहीं बढ़ाता, बल्कि यह कॉकरोच का पक्का दुश्मन भी है। कुछ तेजपत्तों को पानी में डालकर अच्छी तरह उबाल लें या उन्हें कुछ घंटों के लिए पानी में भिगोकर छोड़ दें। इसके बाद इस पानी को एक स्प्रे बोतल में भरकर कॉकरोच संभावित जगहों पर छिड़कें। दरअसल, कॉकरोच को तेजपत्ते की कड़क गंध बिल्कुल पसंद नहीं होती और इसके छिड़काव से वे उस जगह का रास्ता भूल जाते हैं।
सफेद सिरका (विनेगर) और गर्म पानी: कॉकरोच से मुक्ति पाने के लिए विनेगर एक बेहतरीन सैनिटाइजर और रिपेलेंट की तरह काम करता है। इसके लिए पहले पानी को अच्छी तरह गर्म कर लें और फिर उसमें थोड़ा सा विनेगर (सिरका) मिला लें। इस घोल को स्प्रे बोतल में भरकर सिंक, ड्रेनेज पाइप और गैस स्टोव के आस-पास रात को सोने से पहले स्प्रे करें। इससे न सिर्फ कॉकरोच भागेंगे बल्कि वहां मौजूद कीटाणु भी साफ हो जाएंगे।
दोबारा कॉकरोच न आएं, इसके लिए अपनाएं ये जरूरी हैजीन टिप्स
घरेलू उपायों के साथ-साथ घर में दोबारा कॉकरोच न पनपें, इसके लिए कुछ बुनियादी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है:किचन के प्लेटफॉर्म, गैस और सिंक को रात में खाना खाने के बाद हमेशा साफ और सूखा रखें, क्योंकि नमी और जूठन ही कॉकरोच का मुख्य भोजन है।कचरे के डिब्बे को हमेशा ढककर रखें और उसे नियमित रूप से साफ करते रहें।बाथरूम और किचन की नालियों (ड्रेनेज) पर जालीदार ढक्कन का इस्तेमाल करें ताकि कॉकरोच पाइप के रास्ते अंदर न आ सकें।


