जयपुर। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान (फ्लाइट AI 2030) को बम से उड़ाने की धमकी और हाईजैक की आशंका के बाद जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। विमान के उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने इसे आइसोलेशन बे में ले जाकर गहन जांच शुरू कर दी।
विमान की संदिग्ध लैंडिंग और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में बम होने या हाईजैक होने की सूचना मिलने पर पायलट ने एटीसी से संपर्क किया। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत प्लेन को तुरंत दिल्ली से जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। सुबह करीब 9:35 बजे विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया और इसके तुरंत बाद इसे आइसोलेशन बे में खड़ा कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। एटीएस, सीआईएसएफ, सेंट्रल आईबी और स्थानीय पुलिस का भारी अमला एयरपोर्ट पर मौजूद है। इसके अलावा दिल्ली से एनएसजी (NSG) कमांडो की टीम भी जयपुर के लिए रवाना हो चुकी है। एयरपोर्ट के पास स्थित प्रमुख अस्पतालों (ईएचसीसी, सांगानेर और जवाहर सर्किल) में भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सघन जांच जारी
विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट टर्मिनल के होल्डिंग एरिया में पहुंचा दिया गया है। बम निरोधक दस्ता (BDDS) और स्निफर डॉग्स की मदद से विमान के केबिन, बैगेज होल्ड और यात्रियों के सामान की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर यह आशंका भी जताई जा रही है कि पायलट द्वारा पैनिक की स्थिति में गलती से 'हाइजैक बटन' दब गया हो या यह महज एक अफवाह (Hoax Call) हो। फिलहाल सुरक्षा क्लीयरेंस मिलने और सभी जांच प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।


