मुंबई। महाराष्ट्र में सूखे और पेयजल संकट के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य की भाजपा-महायुति सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने चेतावनी दी है कि आगामी शीतकालीन सत्र में पार्टी सूखे के मुद्दे पर सरकार से जवाब तलब करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरों तक जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है और किसान गहरे संकट में हैं, लेकिन सरकार के पास राहत के नाम पर केवल खोखली घोषणाएं हैं।
टैंकर लॉबी को फायदा पहुंचाने का आरोप
शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय तिलक भवन में प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की मौजूदगी में विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एआईसीसी सचिव रेहाना चिश्ती, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एड. गणेश पाटील और महासचिव अभिजीत सपकाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए, जहां आगामी छह महीनों की कार्ययोजना चार दिनों में सौंपने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सपकाल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गृहनगर ठाणे सहित राज्य के कई शहरों में पीने के पानी की भारी किल्लत है, जबकि टैंकर लॉबी को आसानी से पानी मिल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार को शायद सूखा पसंद है क्योंकि वह टैंकर लॉबी को लाभ पहुंचा रही है। राज्य के 310 तालुकों में सूखा घोषित होने के बावजूद किसानों को केवल पांच हजार रुपये देकर टाल दिया गया और केंद्र से भी कोई ठोस मदद नहीं मिली।
भाजपा विधायक महेश बालदी की सदस्यता रद्द करने की मांग
सपकाल ने अलीबाग न्यायालय द्वारा तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद भाजपा विधायक महेश बालदी की विधानसभा सदस्यता तत्काल रद्द करने की मांग की। उन्होंने दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए कहा कि सजा होने पर कांग्रेस विधायक सुनील केदार और राहुल गांधी की सदस्यता तुरंत रद्द कर दी गई थी, लेकिन भाजपा विधायक महेश बालदी और मंत्री माणिकराव कोकाटे के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि शायद वे अलीबाग में आदिवासियों की जमीनों के मामलों में व्यस्त हैं, इसलिए उन्हें बालदी की सदस्यता रद्द करने का समय नहीं मिल रहा है।
एनएसयूआई के सोशल मीडिया अभियान का शुभारंभ
इस अवसर पर युवाओं और विद्यार्थियों की समस्याओं को आवाज देने के लिए एनएसयूआई के एक विशेष सोशल मीडिया अभियान की भी शुरुआत की गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष सागर सालुंखे और आकाश रजावत की उपस्थिति में लॉन्च किए गए इस अभियान को महाराष्ट्र के बाद अब देशव्यापी स्तर पर चलाया जाएगा।


