फतेहपुर । डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को विश्व ओजोन दिवस 2026 का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के सभागार में प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव के संरक्षण एवं विज्ञान संकाय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ प्रोफेसर शकुंतला एवं समस्त प्राध्यापकों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर छात्राओं के लिए पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने ओजोन दिवस के महत्व, उपयोगिता तथा वर्ष 2026 की थीम ‘ठंडे ग्रह के लिए वैश्विक प्रयास’ को केंद्र में रखते हुए आकर्षक पोस्टर तैयार किए। पोस्टरों का मूल्यांकन डॉ. अनुष्का छौंकर, डॉ. प्रगति द्विवेदी एवं आनंदनाथ ने किया। प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय वर्ष की सुकर्णा पटेल और स्नेहा सिंह ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी द्वितीय वर्ष की प्रसिद्धि श्रीवास्तव एवं बीए द्वितीय वर्ष की मरियम शमीम संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि बीएससी प्रथम वर्ष की सोमिता सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन वनस्पति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रमेश सिंह एवं जन्तु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राज कुमार ने कराया। इस दौरान डॉ. राज कुमार ने वर्ष 2024 के विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर छात्राओं के मध्य किए गए अपने शोध का प्रस्तुतीकरण भी किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने ओजोन परत के संरक्षण पर आधारित रोचक नाटिका प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नाटिका को रसायन विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर मधुलिका श्रीवास्तव ने तैयार कराया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया। उन्होंने विश्व ओजोन दिवस मनाए जाने के मूलभूत कारणों तथा मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल (1987) और कीगाली अमेंडमेंट (2016) के संबंध में छात्राओं को जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रो. लक्ष्मीना भारती, प्रो. प्रशांत द्विवेदी, डॉ. शरद चंद्र राय, डॉ. शालिनी कनौजिया, डॉ. अमित कुमार तिवारी, बृजेश कुमार पाल, डॉ. शिखा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए ओजोन परत के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को आवश्यक बताया।
महिला महाविद्यालय में विश्व ओजोन दिवस पर पोस्टर व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता


