नागपुर। नागपुर जिले के उमरेड रोड स्थित हरपुरनगर में निर्मल नगरी से सटकर 19 एकड़ भूमि पर एक भव्य टेक्सटाइल पार्क और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को स्पोर्ट्स सिटी का स्वरूप भी दिया जाएगा, जिसमें स्थानीय बुनकरों और कामगारों के लिए आवासीय और व्यावसायिक दोनों प्रकार के ढांचे तैयार किए जाएंगे। महाराष्ट्र गृहनिर्माण व क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री की मंजूरी और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज
म्हाडा नागपुर के अनुसार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस परियोजना को हरी झंडी दे दी है। 19 एकड़ की इस भूमि के लिए 180 करोड़ रुपये की कुल राशि मंजूर की गई थी, जिसमें से म्हाडा ने वर्ष 2016 में ही 35 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया था। अब म्हाडा शेष 145 करोड़ रुपये के बकाए का भुगतान करने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसके बाद भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सुभाष रोड टेक्सटाइल पार्क मार्च 2028 तक होगा तैयार
हरपुरनगर प्रोजेक्ट के साथ ही म्हाडा ने सुभाष रोड स्थित 1 एकड़ जमीन पर बन रहे टेक्सटाइल पार्क को मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाली इस 13 मंजिला इमारत में कपड़ा व्यापारियों और बुनकरों के लिए करीब 600 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। म्हाडा नागपुर के मुख्य अधिकारी डॉ. विजय इंगोले ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं से नागपुर के इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्सटाइल उद्योग को एक नई दिशा और मजबूती मिलेगी।


