More
    Homeखेलपीवी सिंधु और आयुष शेट्टी चाइना मास्टर्स से बाहर, टूर्नामेंट में नहीं...

    पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी चाइना मास्टर्स से बाहर, टूर्नामेंट में नहीं लेंगे हिस्सा

    नई दिल्ली। भारतीय महिला बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु अगले महीने 1 सितंबर से शुरू हो रहे 'चाइना मास्टर्स सुपर 750' टूर्नामेंट में भाग नहीं लेंगी। सिंधु के अलावा पुरुष एकल के उभरते खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने भी प्रतियोगिता से नाम वापस ले लिया है। आगामी एशियाई खेलों से ठीक पहले आयोजित हो रहे बीडब्ल्यूएफ (BWF) विश्व टूर के इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से इन प्रमुख खिलाड़ियों का हटना भारतीय दल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

    विश्व चैंपियनशिप की थकान बनी सिंधु के हटने की वजह

    हाल ही में संपन्न हुई विश्व चैंपियनशिप में पीवी सिंधु को राउंड ऑफ 16 के बेहद कड़े मुकाबले में चीन की दुनिया की नंबर 3 खिलाड़ी वांग झी यी से हार का सामना करना पड़ा था। माना जा रहा है कि इस मैच से हुई थकान के कारण उन्होंने चाइना ओपन से हटने का फैसला किया है। वहीं आयुष शेट्टी ने भी विश्व चैंपियनशिप के पहले दौर में दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी शी युकी को हराकर बड़ा उलटफेर किया था, हालांकि वह भी राउंड ऑफ 16 में इंडोनेशिया के अल्वी फरहान से हार गए थे।

    पुरुष एकल में लक्ष्य व श्रीकांत और युगल में सात्विक-चिराग संभालेंगे कमान

    आयुष के हटने के बाद अब पुरुष एकल में भारत की चुनौती लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत संभालेंगे। महिला एकल में मालविका बंसोद और आकर्षी कश्यप की अनुपस्थिति में उन्नति हुड्डा, देविका सिहाग और तन्वी शर्मा भारतीय दावेदारी पेश करेंगी। पुरुष युगल में विश्व चैंपियनशिप के बाद वापसी कर रहे सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भारतीय दल की अगुआई करेंगे, जिनके साथ हरिहरन अमासुकरन और अर्जुन एमआर भी मैदान में होंगे।

    महिला युगल से ट्रेसा-गायत्री बाहर, मिश्रित युगल में भी चुनौती

    महिला युगल वर्ग में भारत की ओर से कोई भी जोड़ी भाग नहीं लेगी, क्योंकि ट्रेसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। वहीं मिश्रित युगल (मिक्सड डबल्स) में ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की जोड़ी के साथ-साथ रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी की जोड़ी भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here