More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रमुंबई में बारिश का कहर: भांडुप में 50 फीट ऊंची दीवार ढही,...

    मुंबई में बारिश का कहर: भांडुप में 50 फीट ऊंची दीवार ढही, 5 घर तबाह

    मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई में बारिश ने एक बार फिर से तबाही मचाई है। भांडुप के खिंडीपाड़ा इलाके में तेज बारिश के चलते एक 50 फीट ऊंची पहाड़ी की सेफ्टी वॉल भरभराकर गिर गई। हादसा ओमेगा हाई स्कूल के पीछे हुआ, जहां पहाड़ी के किनारे बने पांच कच्चे घर भी भूस्खलन की चपेट में आकर पूरी तरह तबाह हो गए। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इस हादसे का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सेफ्टी वॉल के गिरने का पूरा दृश्य कैद हुआ है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भारी बारिश के चलते दीवार धीरे-धीरे ढहती है और देखते ही देखते उसका मलबा नीचे बने घरों पर आ गिरता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और बेचैनी का माहौल है। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।

    जलजमाव और जाम से जनजीवन अस्त-व्यस्त

    भांडुप ही नहीं, बल्कि मुंबई के अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही, वहीं कच्चे घरों में रहने वाले लोगों के लिए बारिश हर साल की तरह इस बार भी आफत बनकर आई है।

    स्थानीय प्रशासन अलर्ट

    घटना की सूचना मिलते ही बीएमसी और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्र में बसे परिवारों को तुरंत खाली करने की सलाह दी है। सेफ्टी वॉल गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि सभी प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। बारिश के मौसम में मुंबई जैसे महानगरों में इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं, जो अवैध निर्माण और लचर ढांचागत व्यवस्था की ओर इशारा करती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी और ढलान वाले क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देना अब बेहद जरूरी हो गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से जान-माल का नुकसान न हो।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here