भोपाल। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से मध्य प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल गया है और खासकर पूर्वी हिस्से में शनिवार (21 नवंबर) को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. कटनी में तेज बारिश के कारण ठंड का असर बढ़ा है, वहीं कोहरे के चलते रेल यातायात भी प्रभावित हुआ और कई ट्रेनें 7 से 15 घंटे तक की देरी से चलीं. मैहर में भी अचानक मौसम बदलकर बारिश हुई, जिससे ठिठुरन बढ़ने के साथ किसानों के बीच फसलों को नुकसान पहुंचने की चिंता पैदा हो गई है.
उमरिया में अधूरे कार्य से आवाजाही ठप
उमरिया और शहडोल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह लड़खड़ा गई है. मोर्चा रेलवे फाटक के पास अधूरी और खराब सड़क के चलते लंबा जाम लग गया, जो शुक्रवार (20 नवंबर) रात करीब 11 बजे शुरू होकर शनिवार शाम 4 बजे तक जारी रहा. बारिश की वजह से सड़क पर कीचड़ फैल गया, जिससे वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी.
अमरकंटक में सर्वाधिक वर्षा
प्रदेश में सबसे अधिक बारिश अनूपपुर जिले के अमरकंटक में 26.2 मिमी दर्ज की गई. इसके अलावा करांजिया में 17 मिमी, बजाग में 12 मिमी, जैतहरी में 10 मिमी और बुढ़ार में 9 मिमी पानी गिरा. शहडोल संभाग के साथ-साथ सिंगरौली, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हुई.


