बेंगलुरु: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है। रजत पाटीदार अब आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने कप्तानी पारी खेलते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया, हालांकि उनकी 39 गेंदों पर 56 रनों (6 चौके, 1 छक्का) की शानदार पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
दिग्गजों की सूची में पाटीदार ने बनाई जगह, रसेल अभी भी टॉप पर
आईपीएल में सबसे कम गेंदों पर 100 छक्के जड़ने का विश्व रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल के नाम है, जिन्होंने महज 657 गेंदों में यह कारनामा किया था। इस सूची में दूसरे स्थान पर निकोलस पूरन (884 गेंदें) हैं। अब रजत पाटीदार 933 गेंदों में 100 छक्के पूरे कर दुनिया में तीसरे और भारत में पहले स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल (943 गेंदें), सुनील नरेन (950 गेंदें) और शिवम दुबे (992 गेंदें) जैसे धाकड़ बल्लेबाजों को भी पीछे छोड़ दिया है।
नंबर-1 पर रहकर आरसीबी ने किया लीग स्टेज का अंत
मौजूदा सीजन में आरसीबी का विजय रथ लगातार आगे बढ़ रहा है। अपने खिताब की रक्षा करने उतरी बेंगलुरु की टीम ने ग्रुप चरण में दमदार खेल दिखाते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया है। अब क्वालिफायर-1 में आरसीबी का महामुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। आईपीएल का इतिहास गवाह है कि पिछले 15 सीजन में से 12 बार क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ही चैंपियन बनी है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या आरसीबी इस सुनहरे इतिहास को दोहरा पाती है।
प्लेऑफ के चौथे पायदान के लिए चार टीमों में घमासान
लीग चरण के समाप्त होने में अब सिर्फ दो दिन का समय बचा है, लेकिन प्लेऑफ की चौथी टीम को लेकर सस्पेंस अभी भी बरकरार है। अंतिम पायदान के लिए राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कांटे की टक्कर है। आज पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच होने वाला मुकाबला नॉकआउट जैसा है। अगर पंजाब आज हारती है तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, लेकिन अगर जीतती है तो उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। वहीं, यदि राजस्थान रॉयल्स अपना आखिरी मैच जीत लेती है, तो बाकी तीनों टीमें रेस से बाहर हो जाएंगी और राजस्थान सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।


