More
    Homeराज्ययूपीऑटो और ई-रिक्शा चालकों को राहत, वाराणसी में 5 पिक एंड ड्रॉप...

    ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को राहत, वाराणसी में 5 पिक एंड ड्रॉप पॉइंट होंगे तैयार

    वाराणसी। स्मार्ट सिटी सभागार में शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंध समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य महानगर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना, पार्किंग और ऑटो व ई-रिक्शा के संचालन को सुव्यवस्थित करना तथा आम नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना था। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने शहर में ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन के लिए पांच प्रमुख स्थानों पर 'पिक एंड ड्रॉप पॉइंट' बनाने के कड़े निर्देश जारी किए।

    निजी पार्किंग के शुल्कों में की गई भारी कटौती

    बैठक में शहर के नागरिकों और संचालकों को राहत देते हुए निजी पार्किंग के शुल्कों में कमी करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत अपनी व्यक्तिगत भूमि पर पार्किंग का संचालन करने वाले संचालकों से नगर निगम द्वारा वसूले जाने वाले शुल्क को कुल मासिक आय के 17 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, किसी अन्य की निजी भूमि पर संचालित होने वाली पार्किंग के शुल्क को भी 12 प्रतिशत से घटाकर 8.5 प्रतिशत कर दिया गया है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि चिह्नित किए गए पिक एंड ड्रॉप स्थलों पर वाहन केवल यात्रियों को बैठाने या उतारने के लिए ही क्षणिक समय के लिए रुकेंगे और उसके तुरंत बाद वहां से प्रस्थान कर जाएंगे।

    पिक एंड ड्रॉप स्थलों का चिन्हांकन और प्राथमिकता

    यातायात को सुचारू बनाने के लिए प्राथमिक स्तर पर इंग्लिशिया लाइन, पांडेयपुर-आजमगढ़ मार्ग, चौकाघाट पुल के समीप, आशापुर-सारनाथ मार्ग, मैदागिन कोतवाली के सामने, पड़ाव, लंका, बसंत कॉलेज के निकट राजघाट, कलेक्ट्री फार्म तथा दुर्गाकुंड ऑटो स्टैंड सहित कई अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को चिह्नित किया गया है। प्रथम चरण में इनमें से पांच स्थानों पर पिक एंड ड्रॉप स्थल विकसित किए जाएंगे। संबंधित जोन के अधिशासी अभियंता, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर इन स्थलों का चिन्हांकन, थर्मोप्लास्ट पेंट और आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने की कार्रवाई त्वरित गति से सुनिश्चित करेंगे।

    इस उच्चस्तरीय बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार यादव, अधिशासी अभियंता एमके सिंह तथा परिवहन विभाग के पीटीओ अमित वर्मा सहित विभिन्न ऑटो एवं ई-रिक्शा यूनियनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

    20 प्रमुख चौराहों पर जेब्रा और स्टॉप लाइन पेंटिंग

    शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए महानगर के 20 प्रमुख चौराहों और स्थलों पर जेब्रा क्रॉसिंग तथा स्टॉप लाइन की पेंटिंग कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के अधिशासी अभियंता स्थलों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। पांडेयपुर चौराहे से बैरिकेडिंग (सीकड़) लगाकर यातायात को नियंत्रित करने तथा महानगर सीमा तक पिक एंड ड्रॉप के संकेतक बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

    इसके साथ ही, लहरतारा पुल के नीचे के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराने, वहां बस पार्किंग की व्यवस्था करने, पुलिस चौकी के आसपास के हिस्से को संवारने तथा आईपी विजया मॉल के समीप नई वाहन पार्किंग विकसित करने के प्रस्तावों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कैंट क्षेत्र के समक्ष ऑटो चालकों द्वारा वाहनों को अनियंत्रित एवं अव्यवस्थित ढंग से खड़ा किए जाने के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्याओं पर समिति ने गंभीर संज्ञान लेते हुए प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए हैं।

    अवैध पार्किंग संचालकों पर होगी सख्त विधिक कार्रवाई

    पार्किंग के वैध संचालन को लेकर नगर आयुक्त ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम से विधिवत अनुमति (लाइसेंस) प्राप्त करने के पश्चात ही किसी भी पार्किंग का संचालन किया जाए। यदि भविष्य में किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से पार्किंग का संचालन किया जाता पाया गया, तो उसके विरुद्ध तत्काल नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

    ऑटो यूनियनों को 15 दिनों के भीतर स्थल चयन का निर्देश

    बैठक में ऑटो यूनियनों के पदाधिकारियों को यह निर्देश दिए गए कि वे पूर्व से संचालित ऑटो स्टैंडों के आसपास यात्रियों की सुविधा के लिए शेड एवं प्रसाधन (शौचालय) की व्यवस्था हेतु उचित स्थान का चयन करें। इसके अलावा, नए अतिरिक्त ऑटो स्टैंडों के लिए भी उपयुक्त भूमि की तलाश कर अगले 15 दिनों के भीतर समिति को अवगत कराने को कहा गया है। नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि प्राप्त होने वाले प्रस्तावों पर आगामी बैठक में सकारात्मक विचार-विमर्श किया जाएगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here