More
    Homeराजनीतिकेंद्र से अनुमति नहीं मिलने पर रद्द हुआ रेवंत रेड्डी का US...

    केंद्र से अनुमति नहीं मिलने पर रद्द हुआ रेवंत रेड्डी का US दौरा

    हैदराबाद: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाले आधिकारिक 'तेलंगाना राइजिंग' प्रतिनिधिमंडल की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा को केंद्र सरकार ने मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, स्वीकृति न मिलने के कारण मुख्यमंत्री को अपना अमेरिका दौरा रद्द करना पड़ा है।

    केंद्र सरकार ने अमेरिका दौरे की अनुमति की खारिज

    राज्य सरकार ने निर्धारित प्रोटोकॉल और नीतियों के तहत मुख्यमंत्री की यूनाइटेड किंगडम (UK) और अमेरिका (USA) यात्रा के लिए केंद्र सरकार से पूर्व अनुमति मांगी थी। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से केवल ब्रिटेन यात्रा को हरी झंडी दी गई, जबकि अमेरिका दौरे का प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। CMO के अनुसार, मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल के ब्रिटेन पहुंचने के बाद केंद्र की ओर से स्वीकृति न मिलने की सूचना दी गई, जिसके बाद यह दौरा रद्द करने का फैसला लिया गया।

    निवेश आकर्षित करने बोस्टन जाने का था कार्यक्रम

    मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का अमेरिका दौरा 'तेलंगाना राइजिंग' पहल का एक प्रमुख हिस्सा था, जिसके तहत उन्हें बोस्टन जाकर विभिन्न वैश्विक उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ बैठकों में शामिल होना था। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य तेलंगाना को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में बढ़ावा देना और राज्य में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश लाना था। मंजूरी न मिलने से इन कार्यक्रमों पर फिलहाल विराम लग गया है।

    तय समय से एक सप्ताह पहले 23 अगस्त को लौटेंगे हैदराबाद

    अमेरिका दौरा रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री के यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। रेवंत रेड्डी अब 23 अगस्त को ही लंदन से सीधे हैदराबाद लौट आएंगे। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार उन्हें 30 अगस्त को वापस लौटना था, लेकिन अब उनका विदेश दौरा तय समय से लगभग एक सप्ताह पूर्व ही समाप्त हो जाएगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here