More
    Homeराजस्थानजयपुरसड़क हादसे में बुझ गए दो घरों के चिराग, शिक्षक पति-पत्नी ने...

    सड़क हादसे में बुझ गए दो घरों के चिराग, शिक्षक पति-पत्नी ने गंवाई जान

    जालोर। सांचौर क्षेत्र से गुजरने वाले भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे सांचौर और देवड़ा के बीच चौरा सरहद के पास एक ट्रक और मोटरसाइकिल की भीषण भिड़ंत हो गई, जिसमें शिक्षक दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान हेमागुड़ा निवासी राजूराम बिश्नोई और उनकी पत्नी मंजू बिश्नोई के रूप में हुई है। राजूराम हाड़ेतर में अध्यापक थे, जबकि मंजू सांकड़ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। एक साथ दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

    पूर्व सांसद देवजी पटेल ने रुककर करवाई मदद

    हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। इसी दौरान पूर्व सांसद देवजी पटेल भी उस रास्ते से गुजर रहे थे। दुर्घटना देखकर उन्होंने तुरंत अपना वाहन रोका और लोगों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए शवों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई, जिसके बाद दोनों शवों को सांचौर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

    प्रतिबंध के बावजूद बेरोकटोक दौड़ रहे दोपहिया वाहन

    भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है, लेकिन इसके बावजूद बाइक सवार धड़ल्ले से इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। प्रवेश द्वारों पर निगरानी की कमी और जिम्मेदार एजेंसियों की लापरवाही के चलते प्रतिबंधित वाहन आसानी से एक्सप्रेस-वे पर पहुंच जाते हैं। तेज रफ्तार, गलत दिशा से आवाजाही और सड़क पर बिखरी गिट्टी लगातार हादसों को न्योता दे रही है। हर दुर्घटना के बाद जांच की बात तो होती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और नियमों का पालन करवाने के लिए कोई ठोस व स्थायी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

    पहले भी कई जिंदगियां लील चुका है यह मार्ग

    इस एक्सप्रेस-वे पर हादसों का इतिहास काफी लंबा रहा है। इससे पहले 3 जुलाई 2025 को भादरूणा के पास कार और ट्रक की टक्कर में एक 12 वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की जान चली गई थी और चार घायल हुए थे। वहीं, 30 अगस्त 2025 को बागोड़ा-सांचौर मार्ग पर सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण दो लग्जरी गाड़ियां, एक कार और पिकअप ट्रोला आपस में टकरा गए थे, हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। इसके बाद 28 अक्टूबर 2025 को लाछड़ी टोल प्लाजा के नजदीक गलत दिशा से आ रही एक लग्जरी गाड़ी ने दूसरी कार को टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और चार घायल हुए। इसी तरह 5 नवंबर 2025 को देवड़ा के पास गलत दिशा से आ रही एक बाइक, जिस पर चार युवक सवार थे, ट्रक से जा भिड़ी थी, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई और दो जख्मी हुए थे। अब 23 नवंबर 2026 को चौरा सरहद के पास हुए इस ताजा हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेस-वे के सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here