जयपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधिपति मिल गया है। सोमवार को लोकभवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति पद की शपथ दिलाई। जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने अंग्रेजी भाषा में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
मुख्य सचिव ने पढ़ा नियुक्ति अधिपत्र और वारंट
शपथ ग्रहण समारोह के शुभारंभ पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा जारी मुख्य न्यायाधिपति की नियुक्ति संबंधी आधिकारिक अधिसूचना एवं वारंट पढ़कर सुनाया। इसके पश्चात मुख्य सचिव ने राज्यपाल से जस्टिस अग्रवाल को शपथ दिलवाने का औपचारिक आग्रह किया।
मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल और गणमान्य हस्तियां रहीं मौजूद
समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि एवं नवनियुक्त मुख्य न्यायाधिपति संजय कुमार अग्रवाल के परिजन भी इस अवसर पर मौजूद रहे।


