भोपाल। भारत ने बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की रोकथाम की दिशा में एक ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है। भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी) के वैज्ञानिकों ने देश की पहली स्वदेशी एच5एन1 चिकन वैक्सीन तैयार कर ली है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल में इस वैक्सीन को देश को समर्पित करेंगे। इस स्वदेशी टीके के आने से बर्ड फ्लू के संक्रमण पर काबू पाने और पोल्ट्री व्यवसाय को होने वाले भारी आर्थिक नुकसान से बचाने में बड़ी मदद मिलेगी।
बेहतर स्वास्थ्य और विश्वसनीय इलाज... सानिया हॉस्पिटल की बेहतरीन सुविधाओं की झलक
साल 2006 से जारी है बर्ड फ्लू की चुनौती
देश में बर्ड फ्लू के संक्रमण का पहला मामला वर्ष 2006 में दर्ज किया गया था, जिसके बाद से अब तक एच5एन1 और एच5एन8 वायरस के अलग-अलग स्ट्रेन के 500 से ज्यादा प्रकोप सामने आ चुके हैं। अत्यधिक संक्रामक माने जाने वाले इस वायरस का असर मुर्गियों और अन्य पक्षियों के लिए बेहद जानलेवा साबित होता है, जिसमें गंभीर संक्रमण होने पर पक्षियों की मृत्यु दर शत-प्रतिशत तक पहुंच जाती है। इस बीमारी की मार केवल पक्षियों तक ही सीमित नहीं रहती, बल्कि यह सीधे तौर पर पोल्ट्री किसानों और कारोबारियों की आजीविका को भी गहरा नुकसान पहुंचाती है। संक्रमण रोकने के लिए लाखों पक्षियों को नष्ट करना पड़ता है और उत्पादों के व्यापार पर रोक लग जाती है। आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2006 में इस बीमारी के कारण देश को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये की आर्थिक चपत लगी थी।
वायरस के खतरनाक स्वरूप से लड़ेगी स्वदेशी वैक्सीन
भोपाल स्थित संस्थान के शोधकर्ताओं ने देश में सक्रिय एच5एन1 वायरस के विशेष स्वरूप 'क्लेड 2.3.2.1ए' को निष्क्रिय करने के लिए यह स्वदेशी टीका विकसित किया है। गौरतलब है कि अब तक भारत में इस विशिष्ट वायरस स्ट्रेन के खिलाफ कोई भी व्यावसायिक वैक्सीन मौजूद नहीं थी। इस नए टीके का मुख्य लक्ष्य मुर्गियों में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर संक्रमण के फैलाव को रोकना है। इसके उपयोग से पोल्ट्री फार्म मालिकों और पशुपालक किसानों को होने वाले संभावित वित्तीय संकट से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।
मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर चिंता का विषय
एच5एन1 वायरस का खतरा केवल पक्षियों तक सीमित न रहकर अब स्तनधारी जीवों और इंसानों के लिए भी चिंता का कारण बन चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2003 से लेकर अब तक भारत सहित दुनिया के 25 देशों में इस वायरस से इंसानों के संक्रमित होने के कुल 1,003 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 479 लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में पक्षियों में इस संक्रमण को जड़ से रोकना मानव सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी हो गया है।
पोल्ट्री क्षेत्र और पशु स्वास्थ्य को मिलेगा सुरक्षा कवच
इस स्वदेशी वैक्सीन का निर्माण न केवल पशुधन की रक्षा करेगा, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और पूरे पोल्ट्री उद्योग को भी एक मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान करेगा। आगामी 20 नवंबर को भोपाल में होने वाला इसका लोकार्पण पशु रोगों से लड़ने के लिए देश में स्वदेशी शोध और तकनीकी आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम साबित होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे बर्ड फ्लू के प्रकोप को नियंत्रित करने के साथ ही देश के लाखों पोल्ट्री किसानों के हितों को सुरक्षित रखा जा सकेगा।


