More
    Homeराजस्थानजयपुरविशिष्ट शासन सचिव, वित्त शिवांगी स्वर्णकार ने राजस्थान संपर्क पोर्टल केंद्र का...

    विशिष्ट शासन सचिव, वित्त शिवांगी स्वर्णकार ने राजस्थान संपर्क पोर्टल केंद्र का निरीक्षण किया

    जयपुर। वित्त विभाग की विशिष्ट शासन सचिव (बजट) शिवांगी स्वर्णकार ने सोमवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क (181) हेल्पलाइन केंद्र का निरीक्षण किया। स्वर्णकार ने केंद्र के विभिन्न काउंटर्स का निरीक्षण कर वहां कार्यरत कॉल सेंटर एग्जीक्यूटिव्स के कार्य  की सराहना की और जन शिकायतों के पंजीकरण की संपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया को समझा। उन्होंने मौके पर लाइव कॉल्स के माध्यम से संवाद की गुणवत्ता को परखा तथा प्रतिनिधियों को और अधिक संवेदनशीलता के साथ आमजन की बात सुनकर त्वरित रिस्पांस देने के लिए प्रोत्साहित किया।

    वित्तीय प्रकरणों के सरलीकरण पर बल—

    निरीक्षण के दौरान विशिष्ट शासन सचिव ने  वित्त , पेंशन और कोषालय  से संबंधित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रकरणों, सेवानिवृत्त राजकीय कार्मिकों के जीपीएफ , उपार्जित अवकाश  और पेंशन लाभ से जुड़े मामलों के निस्तारण की गति को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी या प्रशासनिक स्तर पर आने वाले आक्षेपों  का बिना किसी विलंब के त्वरित निराकरण कर बिलों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए, परिवादियों को उनके न्यायोचित लाभ अविलंब और सुगमता से मिल सकें। इस दौरान सब्जेक्ट रिवीजन, लेवल मैपिंग एवं कैटेगरी निर्धारण की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्या समाधान होने पर परिवादी से बात कर फीडबैक ले, यदि समाधान में समय लगने की सम्भावना है या नियम/बजट के चलते कार्य सम्भव नहीं है तो इसकी सूचना भी विनम्रता से परिवादी को दें।

    इस दौरान स्वर्णकार ने मनोज बंसल, श्री  दिनेश कुमार श्रीमाली, मुकेश, महावीर सहित अन्य परिवादियों से बात कर उनके प्रकरणों को सुना तथा समाधान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किया। 

    उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर शीघ्र समाधान प्राप्त कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा आमजन को त्वरित राहत प्रदान करना और लोक सेवाओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ अंतिम छोर तक पहुँचाना है। इस निरीक्षण से जनसुनवाई प्रणाली अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी हुई है और इसके लिए  प्रदेश के नागरिक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार प्रकट कर रहे हैं।

    इस अवसर पर विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here