सोने की कीमत में आज मंगलवार को गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा बाजार में शुरुआती कारोबार में भाव लाल निशान पर ट्रेड करते दिखे हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सुबह 9 बजकर 37 मिनट पर 5 अक्टूबर की डिलीवरी वाला सोना 0.56 फीसदी या 880 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,060 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। सोने के साथ ही चांदी की वायदा कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। एक्सचेंज पर 4 सितंबर की डिलीवरी वाली चांदी का भाव इस समय 1.01 फीसदी या 2,402 रुपये की कमजोरी के साथ 2,35,646 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता नजर आया।
सोने का वैश्विक भाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में गिरावट का रुख है:
कॉमेक्स पर सोने का भाव 0.60 फीसदी या 26.70 डॉलर की गिरावट के साथ 4,447 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।
गोल्ड स्पॉट इस समय 0.55 फीसदी या 24.29 डॉलर की नरमी के साथ 4,391.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।
चांदी का वैश्विक भाव
सोने की तरह ही वैश्विक स्तर पर चांदी के दाम भी दबाव में हैं:
कॉमेक्स पर चांदी का भाव 1.41 फीसदी या 0.93 डॉलर घटकर 65.30 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।
सिल्वर स्पॉट इस समय 0.91 फीसदी या 0.60 डॉलर की बढ़त के साथ 65.18 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।
क्यों गिरे सोने-चांदी के भाव?
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतें 90 डॉलर के पार पहुंच चुकी हैं। ब्रेंट क्रूड मंगलवार सुबह 91.52 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ट्रेड करता दिखा है। कच्चे तेल की कीमतों में आई इस तेजी के कारण वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ने की चिंताएं गहरी हो गई हैं।
परिणामस्वरूप, यूएस फेडरल रिजर्व और दुनिया के अन्य प्रमुख केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में फिर से बढ़ोतरी किए जाने की आशंका बढ़ने लगी है। उच्च ब्याज दरों का माहौल अमूमन सोने जैसी कीमती धातुओं पर दबाव डालता है, क्योंकि ऐसी स्थिति में निवेशक बिना ब्याज वाले एसेट (सोना) से पैसा निकालकर ट्रेजरी बॉन्ड जैसे सुरक्षित और ब्याज देने वाले एसेट्स की तरफ रुख करने लगते हैं। यही वजह है कि बाजार में आज मुनाफावसूली हावी रही और सोने-चांदी के भाव नीचे आ गए।


