कोल्हापुर। महाराष्ट्र के कोल्हापुर से एक अत्यंत सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही महिला मित्र की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि मृतका के किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध चल रहे हैं, जिसके चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
शव को कार में रखकर घूमता रहा कातिल
हत्या की इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रुका नहीं, बल्कि मृतका के शव को एक कार में रखकर लगातार घूमता रहा। वह शव को कोल्हापुर से लगभग 350 किलोमीटर दूर ठाणे जिले के भिवंडी इलाके तक ले गया, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
शिरगांव निवासी आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी की पहचान कोल्हापुर के शिरगांव निवासी 40 वर्षीय प्रकाश आनंदा पाटिल के रूप में हुई है। मृतका की पहचान भी उसी क्षेत्र की रहने वाली 40 वर्षीय सुरेखा शिवाजीने आरे के रूप में हुई है, जिसके साथ आरोपी के प्रेम संबंध थे।
स्थानीय सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सोमवार की सुबह भिवंडी के एक स्थानीय नागरिक द्वारा पुलिस को संदिग्ध वाहन की सूचना दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी का पता लगाया और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


