More
    HomeखेलIndian Premier League 2026 से पहले टीमों की बढ़ी चिंता, 6 स्टार...

    Indian Premier League 2026 से पहले टीमों की बढ़ी चिंता, 6 स्टार खिलाड़ी अभी भी रिहैब में

    आईपीएल 2026 का 28 मार्च से आगाज होने वाला है। लीग का यह 19वां सत्र होगा। टी20 विश्वकप 2026 के बाद अब फैंस को फटाफट क्रिकेट का नया रोमांच मिलेगा। पिछले सीजन में 200+ के कई स्कोर बने थे। ऐसे में इस बार 300 बनने की उम्मीद भी की जा रही है। हालांकि, इसमें सबसे बड़ा रोड़ा खिलाड़ियों की चोट है। लीग शुरू होने में अब 10 दिन बचे हैं, लेकिन कुछ बड़े खिलाड़ी अब भी रिहैब में हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि ये खिलाड़ी आईपीएल का ज्यादातर हिस्सा चोट की वजह से मिस कर सकते हैं। इन खिलाड़ियों के नहीं होने से चार टीमों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइटराइडर्स के तो दो-दो अहम गेंदबाज चोटिल हैं। आइए जानते हैं कि वे छह खिलाड़ी कौन से हैं…

    1. हर्षित राणा

    आईपीएल 2026 के आगाज का काउंटडाउन शुरू हो गया है। हालांकि, इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की सर्जरी के कारण टूर्नामेंट के बड़े हिस्से से बाहर रह सकते हैं। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक, राणा ने फरवरी में घुटने की सर्जरी कराई थी और फिलहाल वह रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर नजर रखे हुए है, लेकिन अभी तक उनकी वापसी की कोई तय तारीख सामने नहीं आई है। 

    अगर वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहते हैं, तो यह लगातार दूसरा बड़ा टूर्नामेंट होगा जिसे वह चोट के कारण नहीं खेल पाएंगे। हर्षित राणा को यह चोट भारत के टी20 विश्वकप के वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए उस अभ्यास मुकाबले में उन्होंने सिर्फ एक ओवर फेंका था, जिसके बाद उन्हें घुटने में परेशानी महसूस हुई। जांच में उनके दाहिने घुटने के लिगामेंट में खिंचाव पाया गया, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। केकेआर ने हर्षित को चार करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

    2. पैट कमिंस

    सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस फिलहाल पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और इसी कारण वह आईपीएल 2026 के पहले हाफ से बाहर रह सकते हैं। ऐसे में सनराइजर्स के लिए परेशानियों बढ़ गई हैं। टीम को ये विचार करना है कि कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कमान कौन संभालेगा। कमिंस की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। 2024 में ये टीम फाइनल में पहुंची थी, लेकिन 2026 में छठे स्थान पर रही। कमिंस ने दिसंबर 2025 में एडिलेड में खेले गए तीसरे एशेज टेस्ट के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। वेस्टइंडीज दौरे के बाद उन्हें पीठ के निचले हिस्से में लम्बर बोन स्ट्रेस इंजरी हो गई थी, जिसके चलते उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा। इसी चोट के कारण वह एशेज सीरीज के बाकी मुकाबलों और आईसीसी टी20 विश्व कप से भी बाहर हो गए थे। उनकी वापसी की तारीख अभी तय नहीं है। कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

    3. जोश हेजलवुड

    गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के बिना अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए तैयार नजर आ रही है। हेजलवुड फिलहाल चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं। इस चोट की वजह से वह पूरी एशेज सीरीज और टी20 विश्व कप से बाहर रहे। आरसीबी के स्टार गेंदबाज को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। जब वह ठीक हुए, तब उनकी एड़ी में तकलीफ शुरू हो गई। अभी की जानकारी के मुताबिक, आईपीएल 2026 में वह अपनी फ्रेंचाइजी के लिए शुरुआती दो मैच नहीं खेल सकेंगे। ऑस्ट्रेलिया अगस्त से करीब 16 महीनों के एक व्यस्त कार्यक्रम की शुरुआत करने जा रहा है, जिससे पहले कमिंस और हेजलवुड को पूरी तरह से फिट होना होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मेडिकल स्टाफ ने पिछले कुछ महीनों से इन दोनों मुख्य खिलाड़ियों पर बारीकी से नजर बनाए रखी है। हेजलवुड को आरसीबी ने 12.5 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

    4. मथीशा पथिराना

    पिछले कुछ सीजन तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने के बाद अब श्रीलंका के स्टार तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते नजर आएंगे। उन्हें पिछले ऑक्शन में केकेआर ने 18 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि, पथिराना का भी पहले हाफ में खेलना मुश्किल है। वह काफ इंजरी और बाएं पैर की मांसपेशियों में चोट से परेशान हैं। टी20 विश्वकप में उन्हें चोट लगी थी और वह रिप्लेस हुए थे। पथिराना की वापसी की तारीफ अभी तय नहीं है।

    5. वानिंदु हसरंगा

    वानिंदु हसरंगा आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए शुरुआती मैच मिस कर सकते हैं। उनके बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट है, जिसके चलते वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 से भी बाहर हो गए थे। लखनऊ ने उन्हें मिनी ऑक्शन में दो करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन उनकी फिटनेस टीम के लिए चिंता बनी हुई है।

    6. ईशान मलिंगा

    ईशान मलिंगा कंधे के डिसलोकेशन के कारण आईपीएल 2026 की शुरुआत में उपलब्ध नहीं रह सकते। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह बड़ा झटका हो सकता है, क्योंकि फ्रेंचाइजी ने उन्हें 1.2 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। साथ ही कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान पर जिम्मेदारी होती, लेकिन उनके भी नहीं रहने से सनराइजर्स की गेंदबाजी थोड़ी कमजोर दिख रही है। ईशान की रिकवरी पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here